
बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के मुजरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गयी। परिवार के लोग दिवाली की खुशियां मनाने अपने घर जा रहे थे। पांच लोग घायल हो गए। घटना सुबह करीब सात बजे की है। जब दिल्ली हाईवे पर मुजरिया गांव के पास एक ट्रैक्टर ने गलत दिशा से आकर टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गये।
एक गर्भवती महिला की भी मौत
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल था। जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद डिवाइडर से एक कार भी टकरा गई। जिसमें सवार लोगों को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। जबकि उसका चालक घटनास्थल से फरार हो गया है।
नोएडा से आ रहा था टैम्पो
टेंपो में सवार लोग नोएडा में काम करते थे और दिवाली की छुट्टियों के लिए घर लौट रहे थे। टेंपो बुकिंग नोएडा से की गई थी। सभी लोग सुबह होते ही नोएडा से बदायूं की ओर रवाना हुए थे। जैसे ही यह टेंपो मुजरिया गांव के पास पहुंचा अचानक एक ट्रैक्टर गलत दिशा से आ गया और सीधा टेंपो से टकरा गया। जिससे यह हादसा हुआ।
इनकी जान गयी
इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में मिर्जापुर निवासी अतुल 31 वर्ष बरेली के कन्हई 35 उनकी गर्भवती पत्नी कुसुम 30 बेटा कार्तिक 8 वर्ष और बेटी शीनू 5 वर्ष शामिल हैं। एक अन्य युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। जबकि घायलों में कप्तान सिंह टेंपो चालक मनोज, मेघ सिंह, धर्मवीर, और अमन आदि हैं।