
rain-caused-havoc-in-bengaluru-heavy-rain-alert-in-many-states
राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली (ब्यूरो)। अभी मानसून आने में वक्त है। नवतपा भी शुरू नहीं हुआ है। लेकिन राजस्थान,मध्यप्रदेश और यूपी सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों तेज धूप है। इसके अलावा देश के कई राज्यों के जिलों में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिर रही हैं। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सोमवार को वीकेंड का पहला दिन पानी-पानी हो गया। बेंगलुरु में इतनी बारिश हुई कि पांच सौ घर प्रभावित हुए। बारिश ने तबाही मचा दी। तीन लोगो की जानें जा चुकी है। हर तरफ जलभराव हो गया। कई लोग दफ्तर के लिए लेट हो गए तो कई पहुंच ही नहीं पाए। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही बेंगलुरु में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था। मंगलवार को भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र और झारखंड में बिजली गिरने से सात मौतें हुई है। वहीं मध्यप्रदेश का खजुराहो,पूरा राजस्थान और दिल्ली तप रहा है। यहां वैसे भी सबसे अधिक गर्मी पड़ती है,जबकि भोपाल पानी से भीगने लगा है। रीवा में कल कुछ स्थानों में बारिश हुई है।
आज भी भारी बारिश का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज मंगलवार को मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत 11 राज्यों में आंधी-बारिश के साथ तूफान का अलर्ट जारी किया है। झारखंड में बिजली गिरने से 5 और महाराष्ट्र में 2 मौतें हुईं हैं। झारखंड, बिहार समेत 13 राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी है।इधर बेंगलुरु में सोमवार तेज बारिश जारी है। शहर की ज्यादातर सड़कें पानी में डूबी हैं। 500 से ज्यादा घरों में पानी भर गया है। BTM लेआउट में पानी भरे अपार्टमेंट में करंट लगने से 12 साल के बच्चे और 63 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। व्हाइटफील्ड में दीवार गिरने से 35 साल की महिला की मौत हुई है। मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
घरों की टिन शेड भी उड़ गईं
मध्यप्रदेश में लगातार 20वें दिन मंगलवार को भी आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत 40 जिलों में तेज आंधी चलने के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले सोमवार को 20 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। इंदौर के महू और बड़वानी में घरों की टिन शेड भी उड़ गईं।
भागलपुर में ओले भी गिरे
मौसम विभाग ने मंगलवार को बिहार के 38 जिलों में आंधी-बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इनमें 27 जिलों में 60kmph की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं,11 जिलों में 40kmph की रफ्तार से हवा चलेगी। सोमवार को मधेपुरा, भागलपुर सहित कई जिलों में तेज बारिश हुई है। भागलपुर में ओले भी गिरे।
राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा में हीटवेव
मौसम विभाग ने राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। चूरू, बीकानेर और टोंक का तापमान 45 डिग्री से ज्यादा पहुंच गया है। इन सबके बीच उदयपुर में सोमवार को दोपहर बाद मौसम बदला और तेज हवा के साथ बरसात हुई। फतहसागर झील में खराब मौसम से नाव पलट गई। नाव में करीब 35 यात्री सवार थे। सभी ने लाइफ जैकेट पहने थे, इसलिए बच गए।मैदानी इलाकों में मध्य प्रदेश के खजुराहो में पारा 46 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उत्तर प्रदेश का बांदा 46.6 डिग्री के साथ देश में सबसे ज्यादा गर्म रहा।मौसम विभाग ने 19 मई को बताया कि अगले 2-3 दिनों में मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में एक या दो स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी।
अगले 2 दिन मौसम का हाल
21 मईः कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, असम, मेघालय, बिहार, केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में तेज बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, गोवा, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में आंधी बारिश का अलर्ट है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में हीट वेव की चेतावनी है।
22 मई: महाराष्ट्र में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। असम, मेघालय, सिक्किम, झारखंड, बिहार, कोंकण, गोवा, तेलंगाना, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश समेत 23 राज्यों में बारिश होगी। राजस्थान में हीट वेव और धूल भरी आंधी चल सकती है।