
On making marriage pressure, boy friend killd mother and son and put it in a well
राष्ट्रमत न्यूज,दुर्ग(ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कुएं में मिली महिला और बच्चे की लाश मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। छत्रपाल सिंह सिंगौर विधवा महिला सुनीता चतुर्वेदी उर्फ पल्लवी से अवैध संबंध था। महिला का 8 साल का बच्चा भी था। दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिये हुई थी। आरोपी राजी हो गया था कि शादी के बाद वह उसके बच्चे को अपना लेगा। शादी का वायदा करके विधवा को फंसाया। लेकिन आरोपी ने किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली थी। महिला लगातार उस पर शादी करने और अपने बेटे को साथ रखने का दबाव बना रही थी। इससे परेशान होकर आरोपी ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर महिला और बच्चे की हत्या कर दी।
पत्थर बांधकर कुएं में फेंका
आरोपियों ने महिला के हाथ-पांव बांधकर, फिर दोनों के शवों को साड़ी में लपेटकर, बोरी में भरकर और मिटटी-पत्थर बांधकर कुएं में फेंक दिया था। मामला अमलेश्वर थाना क्षेत्र के खम्हरिया गांव का है।दुर्ग पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने डबल मर्डर केस का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शनिवार, 22 जून को गांव के दो अलग-अलग कुओं से एक महिला और एक 8 साल के बच्चे की लाश बरामद हुई थी। दोनों शवों को साड़ी में लपेटा, बोरी में भरा और पत्थर बांधकर कुएं में फेंका गया था।
पहचान के लिए पड़ताल शुरू की
ग्रामीणों को बदबू आने पर शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद अमलेश्वर पुलिस, फोरेंसिक टीम और सीनियर अफसर मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची टीम ने दोनों कुओं से महिला और बच्चे के शव को बाहर निकाला।शव बाहर निकालने के बाद महिला के हाथ-पांव बंधे पाए गए, वहीं बच्चे के शव की हालत भी काफी खराब थी। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने सुनियोजित हत्या की आशंका जताई। इसके बाद इस घटना की जांच के लिए एक टीम (SIT) बनाई गई। जांच में जुटी टीम ने आसपास के गांवों में मृतक महिला और बच्चे की पहचान के लिए पड़ताल शुरू की।
पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूला
पुलिस ने खम्हरिया गांव के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि खम्हरिया के ही छत्रपाल सिंह सिंगौर को कुछ दिन पहले एक महिला और एक बच्चे के साथ देखा गया था। संदेह के आधार पर पुलिस ने गांव के छत्रपाल सिंह सिंगौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।पहले तो वह टालमटोल करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछे जाने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि महिला का नाम सुनीता चतुर्वेदी उर्फ पल्लवी है और वो रायपुर में रहती है। सुनीता प्राइवेट स्कूल में टीचर थी।
इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोनों की मुलाकात
2 साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी सुनीता से पहचान हुई थी। इंस्टाग्राम से पहचान के बाद नंबर एक्सचेंज हुए थे। लगातार बातचीत का दौर बढ़ता चला गया तो मिलने की बात हुई, फिर सुनीता से पहली बार मुलाकात रायपुर के महादेव घाट के पास हुआ था।इसके बाद में छत्रपाल को सुनीता ने बताया था कि मेरे पति की मौत हो चुकी है। वो अपने 8 साल के बच्चे के साथ रायपुर में रहती है। मेरे साथ मेरे मां-बाप भी रहते हैं। इसी बीच छत्रपाल ने महिला को बताया कि मेरी भी शादी नहीं हुई है। मैं तुमसे शादी कर लूंगा और बच्चे को भी साथ में रख लेंगे।
शादी के दबाव में प्रेमी ने हत्या की
इसी बीच डेढ़ माह पहले सुनीता को पता चला कि छत्रपाल ने किसी से दूसरी लड़की से शादी कर ली है। आरोपी की शादी के बाद भी सुनीता बार-बार अपने बच्चे को लेकर छत्रपाल के साथ रहने के लिए दबाव बनाने लगी।सुनीता की ओर से लगातार दबाव बनाने पर छत्रपाल ने अपने चचेरे भाई शुभम कुमार सिंगौर को बताया कि मुझे सुनीता बार-बार अपने बच्चे को लेकर मेरे घर आकर रहने का दबाव बना रही है, जिससे मैं तंग आ चुका हूं। अब उसे यहां बुलाओ और बातकर समझाएंगे। नहीं मानी तो रास्ता से हटाना है।