
Nagpur vi0lence - buldozer went to the house of a chief accused faheem
नागपुर। औरंगजेब की कब्र को हटाने को लेकर नागपुर में हुए प्रदर्शनों ने अचानक ही हिंसा का रूप ले लिया। इसी बीच अब हिंसा के मुख्य आरोपी फहीम खान पर महाराष्ट्र सरकार का डंडा चल गया है। आज फहीम खान के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई है। नागपुर नगर निगम ने उसे रविवार को अवैध निर्माण हटाने के लिए 24 घंटे का समय दिया था, जो आज पूरा हो गया।फहीम खान पर आरोप है कि वह नागपुर हिंसा का मास्टरमाइंड है। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है।
24 घंटे का समय दिया था


फहीम पुलिस हिरासत में हैं। इससे पहले 21 मार्च को फहीम खान ने जमानत के लिए सेशंस कोर्ट में याचिका लगाई थी। फहीम ने दावा किया कि उसे राजनीतिक प्रतिशोध के चलते गिरफ्तार किया गया है, क्योंकि उसने विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।माइनॉरिटीज डेमोक्रेटिक पार्टी के शहर अध्यक्ष फहीम खान को दंगा और आगजनी की घटनाओं के दो दिन बाद 19 मार्च को गिरफ्तार किया गया था।
जरूरत पड़ी तो बुलडोजर भी चलाएंगे
हिंसा के पांचवें दिन शनिवार को CM देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा-हिंसा में हुए नुकसान की भरपाई दंगाइयों की संपत्ति बेचकर वसूली जाएगी। जरूरत पड़ी तो बुलडोजर भी चलाया जाएगा।उन्होंने कहा- पीड़ितों को जल्द ही नुकसान की भरपाई की जाएगी। जिन्होंने पुलिस पर हमला किया, उनके खिलाफ कठोर से कठोर धाराएं लगाई जाएंगी। उन्होंने विपक्ष के आरोप पर कहा कि हिंसा इंटेलिजेंस फेल्योर या राजनीतिक साजिश नहीं थी।
नागपुर से कर्फ्यू हटाया गया
इससे पहले नागपुर में हिंसा के छह दिन बाद रविवार को शहर में पूरी तरह से कर्फ्यू हटा लिया गया है। पुलिस कमिश्नर रविंद्र सिंघल ने रविवार को दोपहर 3 बजे से बाकी बचे कोतवाली, तहसील, गणेशपेठ और यशोधरा नगर पुलिस थाना इलाकों से कर्फ्यू हटाने का आदेश दिया।हालांकि, संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनाती के साथ गश्त जारी रहेगी। इससे पहले 22 मार्च को पचपावली, शांतिनगर, लकड़गंज, सक्करदरा और इमामवाड़ा, जबकि 20 मार्च को नंदनवन और कपिल नगर पुलिस थाना क्षेत्रों कर्फ्यू हटा लिया गया था।
हिंसा के आरोप में विश्व हिंदू परिषद के नेताओं को भी गिरफ्तार किया गया है।
मुस्लिमों को आंख दिखाने वाले को बख्शेंगे नहीं
डिप्टी CM अजित पवार ने कहा- जो भी मुस्लिम भाइयों को आंख दिखाएगा, दो समूहों के बीच संघर्ष भड़काकर कानून व्यवस्था को बाधित करेगा और कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा। वह चाहे कोई भी हो, उसे किसी भी हालत में बख्शा या माफ नहीं किया जाएगा। पवार का बयान पार्टी की ओर से मुंबई के इस्लाम जिमखाना में 21 मार्च को दी गई इफ्तार पार्टी के दौरान आया।