
Mohan government will distribute rakhi money by taking a lone of 4300 crores
राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल(ब्यूरो)।मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने लाड़ली बहना योजना अपनी सरकार बचाने के लिए लाए और बीजेपी की सरकार बना कर केन्द्र में चले गए। इसी के साथ प्रदेश को कर्जदार बनाने का रास्ता बना गए। 9 अगस्त को रक्षाबंधन त्योहार पर लाड़ली बहनों को 250 रुपए अतिरिक्त देने के लिए मोहन यादव सरकार एक माह में दूसरी बार 4300 करोड़ का कर्ज लेने जा रही है। यह कर्ज 30 जुलाई को आरबीआई के जरिए लिया जाएगा। इसके पहले 8 जुलाई को सरकार 4800 करोड़ रुपए कर्ज ले चुकी है। इस तरह अकेले जुलाई माह में 9100 करोड़ रुपए का कर्ज सरकार लेगी। इस कर्ज के बाद राज्य सरकार पर कुल कर्ज का आंकड़ा 440340 करोड़ को पार कर जाएगा।
गवर्नमेंट सिक्योरिटीज बेच कर कर्ज लेंगे
एमपी सरकार 29 जुलाई को कुल 4300 करोड़ रुपए के दो कर्ज लेने के लिए ऑक्सन करने जा रही है। इस कर्ज की अदायगी 30 जुलाई को होगी। चालू वित्त वर्ष में लिए जा रहे दोनों कर्ज सातवें और आठवें कर्ज के रूप में होंगे। इसके बाद वित्त वर्ष 2025-26 में लिए जाने वाले कर्ज का आंकड़ा 18600 करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा। सरकार ने इसके पहले आठ जुलाई, 4 जून और सात मई को कर्ज लिया है। यह कर्ज रिजर्व बैंक के माध्यम से गवर्नमेंट सिक्योरिटीज बेच कर लिया जाएगा।
440340.27 करोड़ रुपए कर्ज
मोहन सरकार नए वित्त वर्ष में चौथी बार 2000 और 2300 करोड़ रुपए के कर्ज लेने जा रही है। दोनों ही कर्ज 17 साल और 23 साल की अवधि के लिए आरबीआई के माध्यम से लिए जा रहे हैं जिसका भुगतान साल भर में दो बार कूपन रेट के जरिए ब्याज के रूप में किया जाएगा। कुल कर्ज का आंकड़ा बढ़कर 440340.27 करोड़ रुपए हो जाएगा।
इसके पहले लिया था 5 हजार करोड़
इसके पहले आरबीआई के माध्यम से दो लोन मोहन सरकार ने 4 जून को लिए थे। पहला लोन 2000 करोड़ रुपए का था जो 16 साल के लिए लिया है। सरकार ब्याज के साथ इसकी अदायगी 4 जून 2041 तक करेगी। दूसरा लोन 2500 करोड़ रुपए का था जो 18 साल के लिए है। यह 4 जून 2043 तक ब्याज के साथ चुकाया जाएगा।