
Meenal-dipti from raipur filled the form, bhupesh said-our victory is certain
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मेयर चुनाव के लिए 10 नगर निगम के मेयर कैंडिडेट्स ने नामांकन फॉर्म भरा। रायपुर में बीजेपी से मीनल चौबे बड़ी रैली के साथ तो कांग्रेस से दीप्ति दुबे ने बिना रैली के ही नॉमिनेशन फॉर्म भरा। वह स्कूटी से अपने पति प्रमोद दुबे के साथ पहुंची थीं। वहीं पूर्व CM भूपेश बघेल ने EVM पर सवाल खड़े किए हैं।पहली बार देखा गया है कि कोई विधान सभा अध्यक्ष ने मेयर चुनाव का नामांकन भरवाने साथ गए। राजनांदगांव से बीजेपी के मेयर प्रत्याशी मधुसूदन यादव के लिए विधान सभा अध्यक्ष डाॅ रमन सिंह फार्म भरवाने गए थे।
जीत का दावा किया
मीनल चौबे ने CM विष्णु देव साय से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। साय ने कहा कि मीनल चौबे को नगर निगम में पार्षद सहित नेता प्रतिपक्ष के रूप में काम करने का लंबा अनुभव है। इसका लाभ अवश्य मिलेगा। भाजपा के प्रति विश्वास का वातावरण है। चुनाव में ऐतिहासिक जनादेश मिलेगा।इस दौरान बिलासपुर, दुर्ग, अंबिकापुर, राजनांदगांव, चिरमिरी, रायगढ़, कोरबा, धमतरी और जगदलपुर में बीजेपी कांग्रेस के प्रत्याशियों ने नामांकन फॉर्म भरकर जीत का दावा किया।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के खिलाफ चुनाव हो रहे
पूर्व CM भूपेश बघेल दुर्ग से मेयर प्रत्याशी प्रेमलता साहू के नामांकन रैली में पहुंचे। इस दौरान बघेल ने कहा कि दुर्ग में कांग्रेस की जीत तय है। वहीं उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग और सुप्रीम कोर्ट के निर्देश हैं कि VVPAT के बिना चुनाव नहीं होगा, लेकिन छत्तीसगढ़ में इसके बिना चुनाव करा रहे हैं।बघेल ने कहा कि एक ही बैलेट बॉक्स में महापौर, अध्यक्ष और पार्षदों का चुनाव हो रहा है। इसके लिए निर्वाचन आयोग को जन जागरण करना चाहिए, वो हुआ नहीं है। अचानक मतदाता को दो बटन दबाने के लिए कहा जाएगा तो समझ ही नहीं पाएगा। चुनाव जनता के लिए हो रहा है, वो जनता ही जागरूक नहीं हो रही तो क्या कहेंगे।
पूर्व CM भूपेश बघेल ने EVM को लेकर उठाए सवाल।
विकासकार्यों पर जनता से वोट मांगेंगे
वहीं दुर्ग में गृहमंत्री विजय शर्मा की मौजूदगी में मेयर प्रत्याशी अलका बाघमार ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान विजय शर्मा ने कहा कि हम 10 निकाय जीत रहे हैं। मोदी की गारंटी और साय सरकार में हुए विकासकार्यों को लेकर जनता से वोट मांगेंगे।
कुछ नहीं कर पाई कांग्रेस- मीनल चौबे
मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर की जनता ने नगर निगम में तीन बार कांग्रेस का कार्यकाल देखा है। भ्रष्टाचार और कुशासन का पर्याय बन कर रह गए थे। इस बार जनता विकास की संभावनाएं बीजेपी में देख रही है। स्वच्छ और विकसित रायपुर बनाकर एक नयी पहचान दिलाएंगे।
कांग्रेस ने रैली रद्द की
रायपुर नगर निगम से कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे के नामांकन दाखिल करने के दौरान पूर्व सीएम भूपेश बघेल, रायपुर शहर ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे और पूर्व निगम सभापति प्रमोद दुबे भी मौजूद रहे। इसके पहले कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस भवन गांधी मैदान से रैली निकालने की योजना थी, जिसे स्थगित कर दिया गया। गांधी मैदान में कार्यकर्ता नेताओं का इंतजार करते रहे।
नामांकन में शामिल हुए रमन सिंह
राजनांदगांव नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के महापौर प्रत्याशी मधुसूदन यादव के नामांकन के लिए विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह पहुंचे। रमन सिंह ने कहा कि मधुसूदन के प्रति जनता का उत्साह और समर्थन है। राजनांदगांव विकास और सुशासन की राह पर आगे बढ़ने के लिए तैयार है। राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
BJP का महापौर बनना तय- मंत्री राजवाड़े
अंबिकापुर में भाजपा ने नामांकन रैली निकाली और नामांकन सभाकर महापौर प्रत्याशी सहित सभी पार्षद प्रत्याशियों का नामांकन भरा। इस दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि अंबिकापुर में भाजपा का महापौर बनना तय है। अधिक से अधिक पार्षद भी चुनाव जीतकर आएंगे।