
Made two and half thousand kilos of cheese without milk
रायपुर। राजधानी रायपुर के बीरगांव इलाके में काशी एग्रो फूडस फैक्ट्री में खाद्य विभाग ने छापा मार कर 2500 किलो नकली पनीर जब्त किया। हैरानी वाली बात यह है कि पनीर में एक बूंद भी दूध नहीं है। पनीर कई कैमिकल्स मिलाकर बनाया गया है। जिसे नये बरस में होटलों में खपाया जाता।
कई होटल में सप्लाई होना था
नए साल से पहले रायपुर में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बीरगांव इलाके की एक फैक्ट्री पर टीम ने छापा मारा। अधिकारियों ने काशी एग्रो फूड्स फैक्ट्री से 2500 किलो नकली पनीर जब्त किया है। ये पनीर न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर कई होटल में सप्लाई होना था। अफसरों ने जांच में पाया कि, इस पनीर में दूध की एक बूंद भी नहीं थी, बल्कि यह खराब क्वालिटी के तेल और हानिकारक केमिकल से तैयार किया गया था। रायपुर से बाहर भी यह पनीर सप्लाई किया जा रहा था। फिलहाल, फैक्ट्री को सील किया जा रहा है। संचालक के खिलाफ FIR भी होगी।
कई तरह के केमिकल भी मिले
करीब 3 से 4 घंटे तक चली जांच के बाद फैक्ट्री में बनाए जा रहे नकली पनीर का पता चला। जांच अधिकारियों को फैक्ट्री से कई तरह के केमिकल भी मिले। फैक्ट्री संचालक ने बताया कि, इन्हें मिलाकर ही यह पनीर तैयार किया गया है।अफसरों ने बताया कि डालडा, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, स्कीम मिल्क पाउडर मिलाकर पनीर तैयार किया गया था। जबकि पनीर सही तरीके से दूध से बनाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि, पनीर को ओडिशा भेजा जाता था। वहां के छोटे रेस्टोरेंट में सप्लाई भी की गई है।
खराब क्वालिटी की पनीर बनाने की मिली थी सूचना
खराब क्वालिटी की पनीर बनाने की सूचना खाद्य विभाग के नियंत्रक चंदन कुमार को मिली थी। इसके बाद उन्होंने अपनी टीम के अधिकारी सहायक आयुक्त मोहित बेहरा, नितेश मिश्रा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी ठाकुर, क्षीरसागर पटेल, अजीत बघेल और सतीश राज के साथ मौके पर पहुंचे।
फैक्ट्री होगी सील
अधिकारियों ने फैक्ट्री के कई दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर, प्रोडक्ट में शामिल इंग्रेडिएंट्स की जानकारी, पैकेजिंग से जुड़े दस्तावेज और कई तरह के सामान जब्त कर लिए हैं। औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक चंदन कुमार ने बताया कि, फैक्ट्री को सील किया जा रहा है। संचालक के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई जा सकती है।