
Leopard dies after tiger in bandhavgarh tiger reserve
उमरिया । उमरिया जिले में विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ का सड़ा गला शव मिला था। इस घटना के बाद लगातार दूसरे दिन तेंदुए का भी उसी हालत में शव मिला है। टाइगर रिजर्व में इस तरह से शवों का मिलना अपने आप मे काफी चिंताजनक है।दरअसल, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर रेंज के बमेरा बीट के कक्ष क्रमांक पीएफ 189 छुहाई हार में शुक्रवार के दिन क्षतविक्षत हालत में तेंदुए का सड़ा हुआ शव मिला है। ऐसी हालत में शव मिलने से पार्क प्रबंधन में खलबली मच गई।
टाइगर से लड़ाई में गई होगी जान
टाइगर रिजर्व के उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया बाघ और तेंदुए की आपसी लड़ाई में इसकी मौत हुई है। लगभग 4 दिन पूर्व इसकी मौत हुई होगी। घटनास्थल पर बाघ के पंजे के निशान मिले हैं। वहीं तेंदुआ पेड़ पर चढ़ने का प्रयास किया होगा जिसको बाघ ने घसीट कर मार दिया होगा। गौरतलब है कि इन दिनों बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व कुप्रबंधन का शिकार हो गया है। इसके कारण आए दिन वन्य जीवों की संदिग्ध हालत में मौत हो रही है। ऐसे में आवश्यकता है कि यहां पदस्थ सभी उच्च अधिकारियों को यहां से हटा कर उनकी जांच बारीकी से करवाई जाए। जिससे सारी सच्चाई सामने आ सके।
पीएम के बाद अंतिम संस्कार
अधिकारियों ने मृत तेंदुए की उम्र और जेंडर के बारे में किसी तरह की जानकारी साझा नहीं की है।हालांकि सूत्रों से ज्ञात हुआ कि मृत तेंदुआ नर था। इसकी उम्र लगभग 3 वर्ष रही है। इतना ही नही मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार जाजागढ़ ले जाकर किया गया है।