
लखनऊ। यूपी से महाराष्ट्र तक चुनावी समर में पोस्टर वाॅर का घमासान मचा है। अब पोस्टर वाॅर में बसपा मुखिया मायावती भी उतर गयी हैं। पत्रकारों से बातचीत में मायावती ने कहा कि जब से उत्तर प्रदेश की नौ सीटों पर बसपा ने उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया है। भाजपा और सपा की नींदें उड़ी हुई है। अभी तक हुए उपचुनाव में भाजपा और सपा दोनों मिले हुए रहते थे। अबकि बार उपचुनाव में बसपा के आ जाने से इनकी मुश्किलें बढ़ गयी है। लोगों को गुमराह करने के लिए भाजपा कह रही है बटेंगे तो कटेंगे और सपा कह रही है जुड़ेंगे तो जीतेंगे। इस पर मायावती ने नया नारा देते हुए कहा बसपा से जुड़ेंगे तो आगे बढ़ेंगे और सुरक्षित रहेंगे।
पोस्टर तरफ न देखें
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में अधिकारी नहीं बल्कि सपा के गुंडे और माफिया सरकार चला रहे थे। हमारे पास ऐसी खबरें हैं कि इन उपचुनावों में सपा अपने गुंडों और माफियाओं को अंदर ही अंदर यह बता रही है कि अगर हम यह उपचुनाव जीतेंगे और भविष्य में हमारी सरकार बनेगी तभी तुम सुरक्षित रह पाओगे। भाजपा और सपा की सरकार की तुलना में बसपा का शासन जनता के लिए सबसे अच्छा रहा है। जनता को पोस्टर को नजर अंदाज कर देखना चाहिए कि किसे वोट देना ज्यादा ठीक रहेगा।
भाजपा और सपा से दूर रहें
वोटरों को अगाह करते हुए मायावती ने कहा कि भाजपा और सपा के गठबंधन से दूर रहोगे तो आगे बढ़ोगे। लोगों को विरोधी पार्टियों के बहकावे में नहीं आना चाहिए। हमारी पार्टी झारखंड और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव लड़ रही है। भाजपा और सपा के घोंषणा पत्र पर ध्यान मत दें। ये झूठे वादे करते हैं। केवल तुम्हारा वोट पाने के लिए। दोनों का काम केवल गुमराह करना है।