
Government is unable to provide fertilizer to farmers - munjare
राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे ने प्रदेश सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुये कहा कि वर्तमान में किसानों को रासायनिक खाद यूरिया व डीएपी की जरूरत है। लेकिन किसानों को खाद नहीं मिल रही है और किसान खाद के लिये परेशान हो रहे है। किसानों को कही से कोई संतोषप्रद जानकारी नही मिल रही है। किसानों को बाजार में व्यापारियों के यहां से खाद महंगे दर पर खरीदी करनी पड़ रही है।। विधायक ने कहा कि यह सरकार पूंजीपतियों व व्यापारियों की है। सोसायटियों में खाद उपलब्ध कराने के बजाय व्यापारियों के गोदाम में खाद भर रही है।
किसान नकली खाद बीज लेने को विवश
खाद का जो रेशो तय किया गया है उसमें भी सरकारी उपक्रम को कम और निजी कारोबारियों को अधिक खाद उपलब्ध करायी जा रही है। जिनके द्वारा गोदाम में भंडारित कर महंगे दामों में किसानों को बेची जा रही है। विधायक अनुभा मुंजारे ने कहा कि किसानों से इस सरकार को कोई सरोकार नहीं है। बल्कि किसानों को नकली खाद व बीज उपलब्ध करा रही है। बालाघाट जिला कृषि प्रधान जिला है। प्रदेश के अन्य जिलों की तरह यहां पर भी खाद की मारा मारी है। किसान खाद के लिये भटक रहे है। मुख्यमंत्री द्वारा बालाघाट के प्रवास में किसानों को 4 हजार रूपये प्रति हेक्टेयर बोनस देने की घोषणा की गई थी। लेकिन उसे भी पूरा नहीं किया गया। अब जब किसान अपनी मेहनत से धान की फसल पका रहे है तो उन्हें अब खाद की उपलब्धता नहीं करायी जा रही है। किसान परेशान हो रहे और महंगे दर पर बिचौलिये के माध्यम से खाद खरीदी करने मजबूर है।