
Four dead insambhal violence,women fired
संभल (बबलू भारद्वाज)। उत्तर प्रदेश के संभल में जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर शुरू हुआ बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा। सर्वे के दौरान भड़की हिंसा में 4 युवकों की मौत हो गई। हिंसा में सीओ अनुज चैधरी और एसपी संभल के पीआरओ के पैर में गोली लगी है। एसपी समेत 25 अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हैं। घायल पुलिस कर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। वहीं मृतक के परिजनों का दावा है कि पुलिस ने गोली चलाई है। जबकि पुलिस का कहना है कि महिलाओं ने फायरिंग की।
इंटरनेट और स्कूल बंद
हिंसा के बाद अगले 24 घंटे के लिए संभल तहसील में इंटरनेट बंद कर दिया गया है। पूरे शहर में अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल है। जामा मस्जिद जाने वाले सभी तीन रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।इधर मृतकों के परिजनों का दावा है कि पुलिस की गोली से मौत हुई है। हालांकि कमिश्नर ने कहा पुलिस फायरिंग में कोई मौत नहीं है। हमलावरों की फायरिंग में युवकों की जान गई है। 4 युवकों की मौत से शहर में फिर तनाव हो गया है। सपा सांसद बर्क के इलाके में भी पथराव की घटना हुई।
मस्जिद के आस पास इलाके सील
अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 25 से अधिक पुलिस कर्मियों समेत तीन दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। इन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक पुलिसकर्मी की हालत नाजुक है, भीड़ में शामिल तीन युवकों की मौत हुई है। पुलिस के मुताबिक इनमें दो युवकों की मौत गोली लगने की वजह से हुई है।वहीं तीसरे की मौत भगदड़ में चोट लगने की वजह से हुई है। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने अराजक तत्वों की पहचान करते हुए दो महिलाओं समेत 15 से अधिक लोगों को अरेस्ट किया गया है।पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं ठप कर दी है। कक्षा 8वीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। इस संबंध में डीएम डॉ पैंसिया ने आदेश जारी कर दिया है। मस्जिद के आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है।पूरे इलाके में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।
ऐसे भड़की हिंसा
मुरादाबाद के मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह के मुताबिक सुबह 7 बजे जामा मस्जिद में सर्वे के लिए टीम पहुंची थी। इसके बाद देखते ही देखते वहां काफी भीड़ जमा हो गई। इतने में अलग अलग दिशाओं से आए उपद्रवी तत्वों ने हंगामा शुरू कर दियाण् लोग पथराव और फायरिंग करने लगे। हालात को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस पार्टी ने हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान आशू गैस के गोले छोड़े गए और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बताया कि यह घटना एक साजिश के तहत अंजाम दी गई।इसके लिए अराजक तत्वों ने पहले से तैयारी कर रखी थी।
नियंत्रण के लिए लाठी चार्ज
मुरादाबाद रेंज के डीआईजी मुनिराज जी के मुताबिक इस घटना में एसडीएम भी घायल हुए हैं। भीड़ ने चंदौसी सीओ समेत कई अधिकारियों की गाड़ियां फूंक दी हैं।अराजक तत्वों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ेने के बावजूद भीड़ काबू में नहीं आई तो लाठी चार्ज करना पड़ा। इस दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने ऐसे किसी हथियार का इस्तेमाल नहीं किया है। जिससे किसी की मौत हो सके। अराजक तत्वों ने 12-14 साल के बच्चों और महिलाओं को आगे कर इस हिंसा को अंजाम दिया है।
अफवाहों से दूर रहें
हालात को देखते मंडलायुक्त मुरादाबाद, डीआईजी मुरादाबाद, एडीजी बरेली समेत तमाम बड़े अधिकारी संभल में कैंप कर रहे हैं। सुरक्षा बलों ने देर रात मस्जिद के आसपास के इलाके में फ्लैगमार्च किया। डीएम संभल के मुताबिक जिले में इंटरनेट सेवा बंद करते हुए लोगों को अफवाहों से दूर रहने को कहा गया है। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया और पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। अराजक तत्वों ने पुलिस वाहनो में आग लगा दी और पुलिस को निशाना बनाया गया। पुलिस ने भीड़ को तितर बितर किया। जब डीएम और डीआईजी गश्त कर रहे थे, तो दो महिलाओं ने उन पर पथराव किया और देसी कट्टे से फायरिंग की । यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हिरासत में लिए गए लोगों के मोबाइल चेक किए जा रहे हैं ताकि यह समझा जा सके कि कोई साजिश थी या नहीं।