
Farmers demonstration for fertilizer in satna ,ratjaga in rewa,do some thing deputy CM
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा/सतना(रमेश कुमार ‘रिपु’)। मध्यप्रदेश के रीवा और सतना में खाद के लिए किसानों को केवल पसीना ही नहीं बहाना पड़ रहा है बल्कि, रात रात भर जागना भी पड़ रहा है। डिप्टी CM राजेन्द्र शुक्ला करहिया मंडी में जाकर देखे तक नहीं कि किसानों को खाद के लिए कितने पापड़ बेलने पड़ रहे हैं।उन्हें पता होना चाहिए कि केन्द्रीय मंत्री से मिलने और रीवा में फीता काटने, उद्घाटन करने, से किसानों के खेत अन्न नहीं देंगे। रीवा मऊगंज के किसानों को पानी से पहले खाद चाहिए। सतना में राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी खाद लेने वालों की भीड़ देखकर वो चुपके से वापस लौट गए। किसानों की नहीं। लगता तो यही है। तस्वीर देखिये। प्रदेश और केन्द्र में बीजेपी की सरकार है,और बीजेपी के मंत्री दावा कर रहे हैं कि किसानों की आय दोगुनी कर देंगे।
किसानों का सतना में प्रदर्शन
सतना जिले में किसानों को यूरिया खाद के लिए टोकन नहीं मिलने से सोमवार को कृषि अभियांत्रिकी विभाग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि विभाग ने टोकन खत्म होने की बात कहकर किसानों को लौटा दिया था। इससे नाराज किसानों ने नागौद मार्ग पर जाम लगा दिया।
गोद में बच्चे लिए पहुंची महिलाएं
रीवा में रविवार देर रात करहिया मंडी में तो हजारों किसान खाद लेने के लिए पहुंच गए। इनमें बच्चे से लेकर बड़े बुजुर्ग तक शामिल थे। 200 से ज्यादा महिलाएं भी खाद के लिए अंधेरे में लाइन में बैठी नजर आईं।कई गोद में बच्चे लिए हुए थीं। कल अचानक रात के 2 बजे तेज बारिश होने पर अचानक भगदड़ की स्थिति निर्मित हो गई।
स्कूल बसें भी फंस गईं
सतना में इसी दौरान वहां से गुजर रहे प्रदेश की राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के काफिले को किसानों ने रोक लिया। उन्होंने मंत्री को अपनी समस्या बताई। मंत्री ने एसडीएम के आने का आश्वासन दिया। जाम की वजह से सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्कूल बसें भी फंस गईं।
मंत्री का काफिला वापस लौट गया
स्थिति को देखते हुए एसडीएम राहुल सिलड़िया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को जल्द टोकन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने जाम हटाया और यातायात सामान्य हुआ।किसानों का कहना है कि यूरिया की कमी से फसलें प्रभावित हो रही हैं। पहले दुकानों में स्टॉक नहीं मिला और अब टोकन भी नहीं मिल रहे हैं। राज्यमंत्री का काफिला किसानों के जाम न हटाने की वजह से यू-टर्न लेकर वापस लौट गया।
खाद की भीड़ है प्रदर्शन की नहीं
रीवा के करहिया मंडी में हजारों किसान खाद लेने पहुंचे।रात भर लाइन में लग रहे।।रतजगा कर रहे हैं। लेकिन खाद की जो रैक आई है वो जरूरत से कम है।किसानों ने बताया कि वे लगातार 10-10 दिनों से खाद लेने केंद्रों पर आ रहे हैं। लेकिन अब तक उन्हें खाद नहीं मिली। रविवार रात से लगी लाइन सोमवार दोपहर तक और लंबी हो गई। दोपहर एक बजे करहिया मंडी में तीन हजार से ज्यादा किसान पहुंच गए थे। परिसर से डेढ़ से दो किलोमीटर दूर तक सिर्फ किसान ही नजर आ रहे थे। ऐसा लग रहा था मानो प्रदर्शन में किसान आए हैं।