
EOW sought vijay bhatias 7 day remand
राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ शराब घोटाला के आरोपी विजय भाटिया को EOW ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लाया है।भाटिया के घर पर 2 साल पहले ED ने छापेमारी की थी, तब से वह फरार चल रहा था। लंबे समय बाद EOW की गिरफ्त में आया है। ACB जज के छुट्टी में होने के कारण उन्हें पल्लवी तिवारी की कोर्ट में पेश किया गया था।जहां कोर्ट ने सुनवाई के बाद एक दिन की रिमांड पर जेल भेज दिया था। उन्हें आज सोमवार को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया है। जहां सात दिन की रिमांड मांगी गयी है। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है।संभावना है कि कोर्ट पुलिस की रिमांड को मंजूर कर लेगी।रविवार को EOW की टीम ने दुर्ग-भिलाई में भाटिया के कई ठिकानों पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान टीम के महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं।
नहीं हो पाई स्पेशल कोर्ट में पेशी
शराब कारोबारी विजय भाटिया को दिल्ली से गिरफ्तार करने के बाद EOW ने कोर्ट में पेश किया। रविवार अवकाश होने के कारण स्पेशल कोर्ट बंद थी, इसलिए भाटिया को रिमांड में लेकर कोर्ट में पेश किया गया था। सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी विजय भाटिया को एक दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।रविवार को EOW के अधिकारी भिलाई नेहरू नगर स्थित भाटिया के घर पर सुबह 6 बजे 2 अलग अलग गाड़ियों में ACB-EOW के 7 अधिकारी पहुंचे। उन्होंने आते ही पूरे घर को चारों तरफ से देखा। इसके बाद घर में रह रहे लोगों से पूछताछ की।
2 साल से था फरार
बताया जा रहा है कि रविवार को छापेमारी के दौरान घर के नौकरों को काम करने की छूट दी गई। हालांकि उनसे भी पूछताछ की गई। अधिकारियों के साथ महिला पुलिस भी मौजूद रही। भाटिया के घर पर 2 साल पहले ED ने छापेमारी की थी, तब से वह फरार चल रहा था। लंबे समय बाद EOW की गिरफ्त में आया है।