
Bastar again tied with blood, how long will the red war last?
बीजापुर । छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने बड़े आईईडी ब्लास्ट को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने सुरक्षाबलों की गाड़ी को निशाना बनाया है और इसमें कई जवान शहीद हो गए हैं। सुरक्षाबलों को एक गाड़ी लेकर जा रही थी, जिसे नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट कर उड़ा दिया। बताया जा रहा कि कई जवान गंभीर रूप से घायल भी हैं।
नक्सली घात लगा कर बैठे थे
IG बस्तर रेंज सुंदरराज पी ने बताया कि यह हमला नक्सलियों द्वारा तब किया गया जब दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर की संयुक्त ऑपरेशन पार्टी ऑपरेशन करके लौट रही थी। ब्लास्ट 2:15 बजे हुआ। नक्सली पहले से ही घात लगा कर बैठे थे। इस हमले में दंतेवाड़ा के DRG 8 जवान और एक ड्राइवर समेत 9 लोग शहीद हुए हैं। वहीं अबूझमाड़ के जंगल में शनिवार देर रात मुठभेड़ में एक DRG जवान प्रधान आरक्षक सन्नू कारम शहीद हुए थे। वहीं, जवानों ने एक महिला नक्सली समेत 5 माओवादियों को भी मार गिराया था।
3 दिन पहले गरियाबंद में 3 नक्सली ढेर
3 दिन पहले ही गरियाबंद जिले के नक्सल प्रभावित सोरनामाल जंगल में सुरक्षाबलों ने 3 नक्सलियों को मार गिराया था। DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और STF (स्पेशल टास्क फोर्स) की टीम ने नक्सलियों को घेरा था। ऑपरेशन में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के करीब 300 जवान शामिल थे। ओडिशा के नवरंगपुर की ओर से भी जवानों ने घेराबंदी की थी, जिससे नक्सलियों को भागने का मौका नहीं मिला। सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद तीन नक्सलियों के शव बरामद किए गए। गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा ने इसकी पुष्टि की थी।