Devotees of mathura and vrindavan are paying the price for your sins-yogi
नई दिल्ली (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल आप सबने देखा यूपी के मंत्रियों ने गंगा में डुबकी लगाए। केजरीवाल भी यमुना में डुबकी लगा के बताए। आप वालों ने केवल ठगने का काम किया है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार के पापों की कीमत मथुरा, वृंदावन के भक्तों और संतों को चुकानी पड़ रही है। जहां मां गंगा गंदे नाले में तब्दील हो जाती हैं। जब भी नमामि गंगे परियोजना के तहत मां यमुना के स्वच्छता की बात आई, अरविंद केजरीवाल एंड कंपनी ने सहयोग नहीं किया… वे काम नहीं करना चाहते हैं, उनका एकमात्र काम सुबह-सुबह सोशल मीडिया पर ट्वीट करना और प्रेस के माध्यम से भ्रामक बयान देना है। झूठ का ATM बनने में जो समय वे बर्बाद करते हैं, अगर उस दौरान उन्होंने दिल्ली के लोगों के बारे में सोचा होता, तो 10 साल में दिल्ली का कायाकल्प हो गया होता।’
केजरीवाल पर भड़के योगी
दिल्ली के किरोड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला। योगी ने कहा, ‘दिल्ली की यमुना गंदे नाले में तब्दील हो गई है। दिल्ली की सड़कें बदहाल हैं। दिल्ली की आर्थिक स्थिति काफी बदहाल है। सीएम योगी ने आम आदमी पार्टी को झूठ बोलने की एटीएम मशीन बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में आप ने रोहिंग्या को बसाया। आप की बातों में अब दिल्ली के लोग नहीं आएंगे। अब लोग यूपी का विकास मॉडल देखना चाहते हैं। दिल्ली को अव्यवस्था और कूड़े का ढेर बना दिया गया है।’
यमुना में केजरीवाल डुबकी लगा के बताएं
कल आपने देखा होगा कि मेरे साथ प्रयागराज के संगम में 54 मंत्रियों ने डुबकी लगाई… एक मुख्यमंत्री के तौर पर अगर मैं और मेरे मंत्री संगम में डुबकी लगा सकते हैं, तो मैं आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल से पूछता हूं कि क्या वह भी यमुना जी में जाकर अपने मंत्रियों के साथ डुबकी लगा सकते हैं?
रोजगार नहीं होने से युवा नशे में
दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि दिल्ली शराब घोटाले में AAP की मौजूदा सरकार ने न सिर्फ टॉप लीडरशिप बल्कि अपने अन्य साथियों को भी फायदा पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि चुनाव अभियान के दौरान हम दिल्ली में घर-घर तक जा रहे हैं। यादव ने कहा कि आज दिल्ली के युवाओं में बेरोजगारी और नशे की लत एक बड़ा मुद्दा है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस वजह से हमारी माताएं-बहनें और उनके परिवार परेशान हैं, क्योंकि रोजगार न होने के कारण युवा नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
बेरोजगारी दूर करेंगे
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज रोजगार को लेकर कई दावे किए। केजरीवाल ने एक वीडियो जारी कर कहा कि दिल्ली के 2 करोड़ लोगों के साथ मिलकर बेरोजगारी दूर करेंगे। केजरीवाल ने कहा कि कोरोना के समय हमने कई प्रयास कर 12 लाख युवाओं के रोजगार का प्रबंध किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी हम 48,000 सरकारी नौकरी दे चुके हैं और 3 लाख प्राइवेट जॉब का प्रबंध कर दिया है