
Demonstration against minister prahlad patels begging statement
भोपाल । मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के खिलाफ कांग्रेस आज प्रदेशभर के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर रही है। भोपाल में नेहरू नगर और चंचल चौराहे पर मंत्री पटेल के पुतले जलाए गए। इंदौर में पुतले की अर्थी निकाली गई। इसके बाद जब इसे जलाने की कोशिश की तो पुलिस ने पुतला छीन लिया।गुना में भी कांग्रेस ने मंत्री प्रहलाद पटेल के बयान के खिलाफ प्रदर्शन किया। हनुमान चौराहे पर पुतला दहन किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में पुतला ढूंढती रही।
पुतला लेकर पहुंचे, पुलिस आ गई
नर्मदापुरम के सिवनी मालवा में गांधी चौक पर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। मुरैना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इसमें मंत्री की बर्खास्तगी की मांग की गई। गुना-टीकमगढ़ और दतिया में भी कांग्रेस ने मंत्री पटेल के बयान के खिलाफ प्रदर्शन किया।टीकमगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के गांधी चौराहे पर इकट्ठा हुए। विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला के साथ कार्यकर्ता जैसे ही पुतला लेकर पहुंचे, पुलिस आ गई।
इसी सिलसिले में 10 मार्च को भोपाल में किसान कांग्रेस भी प्रदर्शन करेगी। इसमें प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कांग्रेस के बड़े नेता शामिल होंगे। 10 मार्च से ही विधानसभा का बजट सत्र भी शुरू हो रहा है।
पुतला जलाया, इस्तीफा मांगा
भोपाल के चंचल चौराहे पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक मारण के नेतृत्व में मंत्री प्रहलाद पटेल का पुतला जलाया गया। उनके इस्तीफे की मांग की गई। वहीं, तुलसी नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने नेहरू नगर चौराहे पर पटेल का पुतला फूंका।संत हिरदाराम नगर में पुतला जलाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई। भोपाल शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना ने कहा कि जब तक मंत्री माफी नहीं मांगते और इस्तीफा नहीं देते, तब तक विरोध जारी रहेगा।
राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा
नर्मदापुरम की सिवनी मालवा तहसील में गुरुवार दोपहर 12 बजे गांधी चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री प्रहलाद पटेल का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। मुरैना में पुराने कलेक्ट्रेट के सामने पुतला जलाकर राज्यपाल के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केंद्रीय मंत्री की बर्खास्तगी की मांग की गई।
जनता को भीख मांगने की आदत पड़ गई
राजगढ़ जिले के सुठालिया में 1 मार्च को मंत्री पटेल ने जनता के मांग पत्रों को भीख करार दे दिया था। उन्होंने कहा था, ‘अब तो लोगों को सरकार से भीख मांगने की आदत पड़ गई है। नेता आते हैं, एक टोकना (टोकरी) तो कागज मिलते हैं उनको। मंच पर माला पहनाएंगे और एक पत्र पकड़ा देंगे। यह अच्छी आदत नहीं है। लेने की बजाय देने का मानस बनाएं।’