
Congress starts abusing election commmission as soon asyou lose- CM
राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल(ब्यूरो)।आपातकाल के समय 19 महीने जेल में बिताने के बाद भी हमने लोकतंत्र के स्तंभ प्रेस, न्यायपालिका और चुनाव आयोग पर कभी उंगली नहीं उठाई। लेकिन, आज हालात उलटे हैं। चुनाव हारते ही कांग्रेस चुनाव आयोग को गाली देने लगती है।ये बातें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को भोपाल में कहीं। वे रवींद्र भवन में आजादी का महापर्व कार्यक्रम को संबाेधित कर रहे थे।
कोर्ट की फटकार का असर नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र चुनाव आयोग की वजह से मजबूत है। चुनाव आयोग हर परीक्षा में खरा उतरा है। लेकिन, ये भईया इतनी मोटी चमड़ी के हैं कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट की बार-बार की फटकार का भी उन पर कोई असर नहीं होता। उल्टा वे बार-बार संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करते हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ‘चौकीदार चोर है’ जैसे बयान पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दंडित किए जाने के बावजूद अपनी भाषा और रवैया नहीं बदला। पता नहीं कहां से चोर-चोरी का चक्कर पकड़ लिया है।
विभाजन की सच्चाई से भाग रही कांग्रेस
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर इतिहास से भागने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, ’14 अगस्त 1947 को देश का बंटवारा हुआ, और उस समय सत्ता में कांग्रेस थी। यह ऐतिहासिक सत्य है। लेकिन विभाजन की विभीषिका दिवस पर चर्चा से कांग्रेस बचना चाहती है। वे सुप्रीम कोर्ट तक चले गए कि इस विषय पर बात न हो, जबकि यह कोई राय नहीं बल्कि ध्रुव सत्य है।एक तरफ रोने और बहाने बनाने वाले हैं। दूसरी तरफ 56 इंच के सीने वाले नेता और उनकी विश्वस्तरीय पार्टी है। वह लगातार विजय पताका फहराते हुए सुशासन के लिए जो भी संभव है, कर रही है। देश की जनता सब देख रही है।
महान हस्तियों का किया सम्मान
इस मौके पर मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा चार प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों वीरांगना लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय सम्मान, अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद राष्ट्रीय सम्मान, महर्षि वेदव्यास राष्ट्रीय सम्मान और महाराजा अग्रसेन राष्ट्रीय सम्मान से देश की महान हस्तियों को सम्मानित किया गया।