
CM will launch a two day regional tourism conclave
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा)। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 26 जुलाई को रीवा में आयोजित दो दिवसीय रीजनल पर्यटन कॉन्क्लेव का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में शाम 5 बजे आरंभ होगा। रीजनल पर्यटन कॉन्क्लेव में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, रीवा जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मंत्री ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग एवं पर्यटन और संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी की विशिष्ट उपस्थिति रहेगी।
प्रमुख व्यक्तियों की भागीदारी रहेगी
कॉन्क्लेव में पर्यटन उद्योग से जुड़े हुए 600 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। कॉन्क्लेव में संभाग के सभी जिलों के जनप्रतिनिधिगण तथा पर्यटन व्यवसाय से जुड़े प्रमुख व्यक्तियों की भागीदारी रहेगी। विन्ध्य क्षेत्र में प्रचुर वन संपदा, आकर्षक जलप्रपात, कई टाईगर रिजर्व, प्रसिद्ध धार्मिक स्थल और ऐतिहासिक स्थल हैं। यहाँ आसपास के बड़े शहरों से जोड़ने के लिए फोरलेन हाईवे, रेलमार्ग तथा हवाई सेवा की सुविधा उपलब्ध है। मध्यप्रदेश में आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करने और विन्ध्य क्षेत्र की पर्यटन क्षमताओं का पूरा दोहन करने के उद्देश्य से रीजनल पर्यटन कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है।
वेबसीरीज की अभिनेत्री सान्विका रहेंगी
इस कॉन्क्लेव में प्रसिद्ध अभिनेता मुकेश तिवारी और पंचायत वेबसीरीज की अभिनेत्री सान्विका सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी। कॉन्क्लेव में पर्यटन के क्षेत्र में निवेश करने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा। कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ यादव शहडोल के टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करेंगे। कॉन्क्लेव में मण्डला, डिंडौरी, सिंगरौली, सीधी और सिवनी जिले में कला और शिल्प केन्द्रों की स्थापना के लिए एजेंसियों के साथ डिजिटल अनुबंध किए जाएंगे।