
Congress responsibility to save the alliance
मुंबई। शिवसेना (यूबीटी)नेता संजय राउत ने कहा कि महायुति में मतभेद की वजह से आठ दिनों से मुख्यमंत्री का चयन नहीं हो रहा है। मुख्यमंत्री के चयन में देरी हो रही है।कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नाराजगी की वजह से सतारा जिला स्थिति अपने गांव चले गए हैं। यह सब महाराष्ट्र में आए अप्रत्याशित चुनाव परिणाम की वजह से हो रहा है।शिंदे के अपने पैतृक गांव चले जाने के कारण शुक्रवार को होने वाली महायुति की महत्वपूर्ण बैठक स्थगित कर दी गई। इससे चुनाव नतीजे घोषित होने के एक सप्ताह बाद भी सरकार गठन में देरी हो रही है।
मुख्यमंत्री नहीं मिल पाया
संजय राउत ने कहा कि नतीजे घोषित हुए आठ दिन बीत चुके हैं लेकिन महाराष्ट्र को मुख्यमंत्री नहीं मिल पाया है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री (एकनाथ शिंदे) अपने गांव चले गए हैं। ऐसा क्यों हो रहा है?…नतीजे अप्रत्याशित और लोगों की इच्छा के विपरीत हैं। पूरे राज्य में आंदोलन हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान के अंतिम घंटों में डाले गए मतों की संख्या में अचानक हुई वृद्धि महाराष्ट्र और हरियाणा में क्रमश: महायुति और बीजेपी नीत गठबंधन की जीत में एक प्रमुख भूमिका निभाई थी।
सही निर्णय लिया जाएगा
क्या आगामी स्थानीय निकाय चुनाव शिवसेना (यूबीटी) अकेले लड़ेगी? राउत ने कहा कि महा विकास अघाड़ी में कोई भी स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की बात नहीं कर रहा है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में अंतर होता है। उचित समय पर सही निर्णय लिया जाएगा। राउत ने कहा कि कांग्रेस और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) अध्यक्ष शरद पवार और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे लगातार बातचीत कर रहे हैं।