
Chhattisgarh has a government of slaver,not double engine-khadge
राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर(ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित किसान, जवान और संविधान जनसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की नहीं गुलामी की सरकार है। यहां की सरकार काम कुछ नहीं कर रही है केवल योजनाओं को बंद कर रही है। 37 हजार करोड़ रुपए कर्ज किसके लिए लिया बताएं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को कांग्रेसियों ने हल भेंटकर सम्मानित किया।
मोदी दो टांगों से चल रहे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा मोदी दो टांगों से चल रहे हैं। मोदी की एक टांग आंध्र की टीडीपी है और दूसरी बिहार के नीतीश कुमार। इनमें से कोई भी हिली तो मोदी जी गिर जाएंगे। मोदी सरकार सरकारी एजेंसियों को दुरूप्रयोग कर कांग्रेसियों को परेशान कर रही है। आदिवासियों की जिन्दगी तबाह करने का काम मोदी सरकार कर रही है। भय और देश में झूठ फैला रहे
खड़गे ने कहा कि केंद्र सरकार भय और झूठ फैलाकर देश पर राज कर रही है। ये लोग हर जगह मिलकर गरीबों को लूटने और डराने का काम कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता डरने वाला नहीं है मर मिटने को तैयार है। यहां उद्योगपति कोयला और लोहा को लूटने के लिए आ रहे हैं। अडानी अबानी लोग यहां आकर कब्जा कर रहे हैं।
शराब बेचने का धंधा शुरू कर दिया
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में जो जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गईं, उन्हें भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है। 67 नई शराब की दुकानें खोल दीं और नकली शराब बेचने का धंधा शुरू कर दिया। ये लोग सिर्फ कारोबार के नाम पर समाज को खोखला कर रहे हैं।
संविधान की मूल आत्मा से खिलवाड़
खड़गे ने आरएसएस और भाजपा पर संविधान की मूल आत्मा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संघ के एक विचारक ने ‘सोशलिज्म’ और ‘सेक्युलरिज्म’ शब्दों को संविधान से हटाने की बात कही है।1980 में आपने अपने ही संविधान में क्या लिखा था? अब इन्हीं शब्दों को हटाने की कोशिश कर रहे हैं। ये शब्द हटाकर तो देखिए, पूरा देश आपके खिलाफ खड़ा हो जाएगा। खड़गे ने कहा कि एक दिन भाजपा खुद अपने कामों पर शर्मिंदा होगी।
मोदी किसानों को खाद नहीं दिला पाए- बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा मोदी सरकार किसानों से धोखा कर रही है। पीएम 15 लाख देने का वादा कर विदेश का दौरा कर रहे हैं। लेकिन एक बोरी डीएपी किसानों को नहीं दिला पाए। बस्तर में 35-40 हजार युवा नक्सली इल्जाम के डर से गांव छोड़ने को मजबूर है। केन्द्र सरकार युवाओं और किसानांे को हाशिये पर धकेल रही है।
दो बैसाखी की सरकार ज्यादा दिन की नहीं
सभा में मौजूद कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि आज की सरकार दो बैसाखियों पर टिकी है। 2028 में फिर से वैसी ही लड़ाई लड़नी है जैसी 2018 में लड़ी थी। मैं आज की बारिश में भी यहां आए कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं। यही कांग्रेस की असली ताकत है।
दोनों नेताओं का कांग्रेस नेताओं ने किया स्वागत।
गोली खानी पड़े तो भी तैयार हैं-बैज
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि हम इस सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। गोली खानी पड़े तो भी कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेंगे। सरकार बस्तर की जमीन उद्योगपतियों को बेच रही है। भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता त्रस्त।