
Celebrated wifes birthday and then strangled and killd
कोरबा। जिले में पति ने आधी रात पत्नी का बर्थडे सेलिब्रेट किया फिर कुछ घंटों बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति फरार हो गया। आरोपी पति अपने साथ दो साल के बच्चे को भी साथ ले गया है। बताया जा रहा है कि 2 साल का बेटा हत्या का गवाह है, इसलिए आरोपी उसे भी साथ ले गया।
दोनों के दो बच्चे हैं
यह मामला कोतवाली थाना के दर्री रोड रामसागर पारा इलाके का है। दरअसल, मृतक महिला का नाम दुर्गा राजपूत है। वो अपनी मां के साथ रामसागर पारा के एक गली में रहती थी। करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात सोशल मीडिया पर अचानकमार निवासी राजकुमार से हुई थी।इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई और दोनों ने शादी कर ली थी। शादी के बाद से ही राजकुमार अपनी पत्नी और सास के साथ ससुराल में ही रह रहा था। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनमें से बेटा लगभग 2 साल का है और बेटी 6 माह की है।
एक दिन पहले पत्नी का बर्थडे सेलिब्रेट किया
बीते 12 अप्रैल को दुर्गा का बर्थडे था। आरोपी ने पत्नी का बर्थडे सेलिब्रेट किया। रात भर घर में जश्न का माहौल रहा, डीजे भी बजा। लेकिन अगले ही दिन ये खुशी मातम में बदल गई।रविवार सुबह करीब 10 बजे दुर्गा की मां अपने रोजमर्रा के काम पर चली गई थी। दुर्गा की मां किन्नर की टोली में गाने-बजाने का काम करती है। घर में दुर्गा, उसका पति राजकुमार और दोनों छोटे बच्चे मौजूद थे। दोपहर करीब 2:15 बजे जब मां वापस लौटी, तो दरवाजे पर ताला लगा था लेकिन अंदर से बच्ची के रोने की आवाज आ रही थी। अनहोनी की आशंका पर उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया और जब ताला तोड़कर अंदर घुसे, तो नजारा देख दंग रह गए।दुर्गा जमीन पर बेसुध पड़ी थी और मासूम बच्ची बिस्तर पर बिलख रही थी। दुर्गा की सांस उखड़ चुकी थी। आसपास के लोगों ने कोतवाली पुलिस को इस घटना की सूचना दी, जिसके बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
गला घोंटकर की गई पत्नी की हत्या
शुरुआती जांच में पता चला है कि दुर्गा की हत्या गला घोंटकर की गई और मौके से राजकुमार और 2 साल का बेटा भी गायब मिले। ऐसे में पुलिस ने आशंका जताई कि पति दुर्गा की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद 2 साल के बेटे को साथ लेकर फरार हो गया। पुलिस को आशंका है कि बेटे ने यह सारा घटनाक्रम उसने आंखों से देखा, इसलिए आरोपी उसे भी अपने साथ ले गया है।