
Balaghat tops in atal pension yojana
राष्ट्रमत न्यूज,बालाघट(ब्यूरो)। असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को 60 वर्ष की आयु के बाद एक निश्चित पेंशन राशि प्रदान करने के लिए अटल पेंशन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ग्यारह हजार से अधिक लोगों को जोड़ा जा चुका है। इस अभियान के अंतर्गत नए लोगो को जोड़ने और उनका पंजीयन कराने में बालाघाट जिला सम्पूर्ण देश में प्रथम स्थान पर है।यह बालाघाट जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इस काम में जिला कलेक्टर मीना मृणाल की काबिले तारीफ भूमिका रही।
अभियान 15 जुलाई तक चलेगा
कलेक्टर मृणाल मीणा की पहल एवं निर्देशन पर बालाघाट जिले में बैंको द्वारा कृषि, महिला एवं बाल विकास, आजीविका मिशन एवं श्रम विभाग के साथ समन्वय कर इस योजना में लोगों को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अग्रणी बैंक प्रबंधक संजीव कुमार ने इस संबंध में बताया कि सम्पूर्ण देश में 01 मई 2025 से अटल पेंशन योजना में अधिक से अधिक लोगो को जोड़ने के लिए विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। यह अभियान 15 जुलाई 2025 तक चलेगा। कलेक्टर श्री मृणाल मीणा द्वारा इस अभियान के अंतर्गत जिले में 50 हजार लोगो को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। 27 जून 2025 तक इस विशेष अभियान के अंतर्गत 10 हजार 925 असंगठित क्षेत्र के कामगारों एवं लोगो को इस योजना से जोड़ा जा चुका है। जो देश के सभी जिलों में सबसे अधिक है।
बालाघाट जिला देश में प्रथम
इस अभियान के अंतर्गत केंद्रीय एजेंसी द्वारा बालाघाट जिले को 2992 लोगों को जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। 27 जून 2025 तक इस लक्ष्य के विरूद्ध 10 हजार 925 लोगों को जोड़कर 365 प्रतिशत उपलब्धि के साथ बालाघाट जिला देश में प्रथम स्थान पर है। द्वितीय स्थान पर कर्नाटक का कोलार, तृतीय स्थान पर मध्यप्रदेश का श्योपुर, चतुर्थ स्थान पर कर्नाटक का चिकबल्लापुर, पंचम स्थान पर उत्तरप्रदेश का बाराबंकी,छठवें स्थान पर पश्चित बंगाल का माल्दा, सातवें स्थान पर उत्तरप्रदेश का महाराजगंज, आठवें स्थान पर मध्यप्रदेश का उज्जैन व नौवें स्थान पर अलीराजपुर तथा दसवें स्थान पर पश्चित बंगाल का मुर्शिदाबाद जिला है।
1000 पुरुषों पर 1021 महिला
संजीव कुमार ने बताया कि अटल पेंशन योजना से जुड़ने में बालाघाट जिले में पुरूषों की तुलना में महिलाओं ने अधिक रूचि दिखाई है। बालाघाट जिला 1000 पुरुषों पर 1021 महिलाओं के साथ लिंगानुपात में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। अटल पेंशन योजना के इस अभियान के अंतर्गत 26 जून तक जिले में 9604 महिलाओं, 1320पुरूषों एवं 01 ट्रॉसजेंण्डर ने अपना पंजीयन कराया है। इस प्रकार अटल पेंशन योजना के अंतर्गत जिले में पंजीकृत कुल लोगों की संख्या 01 लाख 05 हजार 477 हो गई है। जिसमें 61 हजार 509 महिलाऍ, 43 हजार 953 पुरूष और 15 ट्रॉसजेण्डर शामिल है। इस योजना में पंजीकृत महिलाओं की संख्या बता रही है कि बालाघाट जिले में महिला सशक्तिकरण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है और महिलाओं में अपने बेहतर भविष्य के प्रति जागरूकता आ रही है।
रेहड़ी-पटरी वाले, किसान, आदि पात्र हैं
अटल पेंशन योजना भारत सरकार की एक सामाजिक सुरक्षा योजना है, जो मुख्य रूप से असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए तैयार की गई है। यह योजना उन लोगों को पेंशन प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है, जो रिटायरमेंट के बाद आर्थिक रूप से सुरक्षित रहना चाहते हैं। इसके लिए 18 से 40 वर्ष की आयु के भारतीय नागरिक, जो असंगठित क्षेत्र के कामगार जैसे दिहाड़ी मजदूर, छोटे व्यापारी, घरेलू कामगार, रेहड़ी-पटरी वाले, किसान, आदि पात्र हैं। यह योजना 1,000 रुपये से 5,000 रुपये तक की मासिक पेंशन प्रदान करती है, जो 60 वर्ष की आयु के बाद मिलती है।