
Balaghat municipality bought 6 garbage vehicles for one crore
राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट (ब्यूरो)। बालाघाट नगर पालिक ने एक करोड़ रुपए से छह नए कचरा वाहन खरीदे। अब नगर पालिका के पास 16 कचरा वाहन हो गए। डोर टू डोर कचरा एकत्र करना अब आसान हो जाएगा। मंगलवार को नपाध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर ने इन नए वाहनों का पूजन किया। ये वाहन वार्ड 6, 13, 21, 23, 25 और 30 को आवंटित किए गए हैं।इन वार्डों में अब तक कचरा संग्रहण के लिए वाहन नहीं थे और वैकल्पिक व्यवस्था से काम चल रहा था। वाहनों की चाबियां वार्ड पार्षदों की मौजूदगी में वाहन चालकों को सौंपी गईं।
1.20 करोड़ में खरीदे 6 कचरा वाहन
नपाध्यक्ष ने बताया कि पहले 10 वार्डों में कचरा वाहन उपलब्ध कराए गए थे। इन 6 नए वाहनों की खरीदी पर लगभग 1.20 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बालाघाट शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना उनकी प्रतिबद्धता है और इसी उद्देश्य से नए वाहनों को खरीदा गया है।
डोर टू डोर कचरा कलेक्ट किया जाएगा
नपाध्यक्ष ने आगे बताया कि शहर में मानव संसाधन के साथ-साथ वाहनों के माध्यम से स्वच्छता कार्य किया जाता है। शहर को साफ-सुथरा रखना और प्रतिदिन डोर टू डोर कचरा संग्रहण एक महत्वपूर्ण कार्य है।विपक्ष ने 4 वाहनों की गुणवत्ता पर उठाए गए सवालों के बारे में नपाध्यक्ष ने कहा कि जांच में वाहनों की गुणवत्ता सही पाई गई है। इससे विपक्ष के आरोप बेबुनियाद साबित हुए हैं।नपाध्यक्ष ने शहरवासियों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना योगदान दें। कचरे को चौराहों या सड़कों के किनारे न फेंके, बल्कि कचरा वाहन में ही दें।