
Bagadiya gang of rajasthan broke seven locks
रायपुर।राजस्थान का कुख्यात बगरिया गैंग ने डीडी नगर के डाॅक्टर दंपती उमेश चन्द्र तिवारी के घर चार अलमारियों समेत सात ताले तोड़े। नगद चार लाख पचास हजार रुपए और 120 ग्राम सोने के गहने आदि चुरा ले गए। पुलिस ने गैंग के तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके चोरी करने का तरीका अजब है। डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने डीडी नगर थाने में FIR दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने बताया कि वह बालाजी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर हैं। उनकी पत्नी भी डॉक्टर है। 9 नवंबर को सुबह 8:30 बजे दोनों पति-पत्नी घर पर ताला लगाकर अस्पताल चले गए।
4 लाख रुपए नगद भी पार
शाम करीब 7 बजे दोनों वापस लौटे तो देखा कि घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर कमरे के दरवाजे का ताला भी टूटा मिला। घर के कमरों में रखी 4 अलमारियों और उसके लॉकर के ताले भी चोरों ने तोड़ दिए थे।डॉ. दंपती ने बताया कि, लॉकर के अंदर रखे सोने-चांदी के करीब 120 ग्राम गहने चोरी हो गए थे। इसमें सोने की चूड़ी, मंगल सूत्र, सिक्का, डायमंड की अंगूठी और चांदी की ज्वेलरी थी। इसके अलावा करीब साढ़े 4 लाख रुपए नगद भी था।
बाहरी गैंग का अंदेशा हुआ
पुलिस को शुरुआती जांच पड़ताल में बाहरी गैंग का अंदेशा हुआ। जांच एंटी क्राइम यूनिट के एक्सपर्ट अफसरों को सौंपी गईं। आसपास के सीसीटीवी कैमरे और चोरी के पैटर्न देखने पर राजस्थान अजमेर के आसपास के इलाकों के कुख्यात बगरिया गैंग पर शक हुआ। पुलिस ने टीम राजस्थान भेजी और वहां पूछताछ के बाद तीन आरोपियों को अरेस्ट किया।
3 आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि आरोपियों में महावीर बगरिया, कैलाश बागरिया और अमित सोनी है। सभी केकड़ी अजमेर राजस्थान के रहने वाले हैं। हालांकि पुलिस को इन आरोपियों के पास से कोई बड़ा माल या रकम बरामद नहीं हुई है। इस मामले में अन्य आरोपी संजय बगरिया और महेंद्र बागरिया फरार चल रहे हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है। इस पूरी जांच पड़ताल में डीडी नगर थाना प्रभारी शिवेंद्र राजपूत, ASI PR धर्मवंशी और एंटी क्राइम यूनिट से SI सतीश पुरिया और टीम शामिल थी।