
All 242 passengers killed in ahmedabad aircraft accident
राष्ट्रमत न्यूज,अहमदाबाद। अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हुआ है। इसमें सवार सभी 242 लोगों की मौत हो गई है। न्यूज एजेंसी AP ने गुजरात पुलिस कमिश्नर के हवाले से यह जानकारी दी।एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171 अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे।हादसे की जगह से मिले ज्यादातर शव इतनी बुरी तरह झुलस चुके हैं कि उनकी पहचान करने में बेहद मुश्किल आ रही है। उनकी पहचान DNA टेस्ट के बाद ही संभव होगी।
प्लेन में महाराष्ट्र के 7 लोग सवार थे
अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त विमान में 7 लोग महाराष्ट्र के हैं। इनमें 4 केबिन क्रू और 3 पैसेंजर्स थे। क्रू मेंबर में से एक अपर्णा महादिक सांसद सुनील तटकरे के भतीजे अमोल की पत्नी हैं। इनके नाम अपर्णा महादिक, महादेव पवार, आशा पवार, मयूर पाटिल, मैथिली पाटिल, दीपक पाठक और शनी सोंघरे हैं।
राजस्थान के 5 लोगों की मौत
एअर इंडिया प्लेन क्रैश में राजस्थान के 5 लोगों की भी मौत हुई है। इनमें उदयपुर के मार्बल व्यवसायी संजीव मोदी का बेटा शुभ और बेटी शगुन प्लेन में शामिल थे। वे लंदन घूमने जा रहे थे।इनके अलावा उदयपुर के वरदीचंद मेनारिया और प्रकाश मेनारिया भी इसी फ्लाइट में सवार थे। दोनों लंदन में कुक थे।प्लेन हादसे में बालोतरा के रहने वाले मदन सिंह राजपुरोहित की बेटी खुशबू की भी मौत हो गई है। खुशबू के पति लंदन में डॉक्टर हैं और वह उनके पास वापस जा रही थी।
यात्री ने गड़बड़ी का वीडियो बनाया था
एअर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन में सवार एक यात्री आकाश वत्स ने कहा- मैंने इसी विमान में कुछ गड़बड़ियां देखी थीं। सीट का टच स्क्रीन नहीं चल रहा था, बटन खराब थे। मैं यह वीडियो एअर इंडिया को भेजना चाहता था। मैं और ज्यादा जानकारी देना चाहता था। कृपया मुझसे संपर्क करें।