
After lathi charge at fertilizer distribution center in rewa,now stampede,many injured
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। मध्यप्रदेश में सरकार का खाद वितरण व्यवस्था सही नहीं। रीवा और भिंड में पुलिस ने खाद लेने पहुंचे किसानों को लाठियों से दौड़ा-दौड़ा कर मारा। इधर एक बार फिर अव्यवस्था के चलते दोपहर में 9 सितम्बर को बैेकुंठपुर के तहत उमरी में खाद वितरण के दौरान भगदड़ मच गयी। जिससेे चार महिलाएं बुरी तरह चोटिल हो गयीं। दो पुरुषों को भी चोटें आईहै। जाहिर सी बात है कि प्रशासन की व्यवस्था खाद वितरण में ठीक नहीं है। वहीं कांग्रेस कह रही है कि प्रशासन के लोग स्वयं खाद की कालाबाजारी करा रहे हैं। इसी से समझ सकते हैं कि सहकारी समितियों में पहले आसानी से किसानों को खाद मिल जाती थी। सरकार खाद की कमी करके कालाबाजारियों को लाभ पहुंचा रही है।
अव्यवस्था से भीड़ बेकाबू
रीवा जिले में खाद की कमी की वजह से किसानों की भीड़ बेकाबू होती जा रही है। वहीं प्रशासन का दावा है कि व्यवस्था की जा रही है कि अव्यवस्था न फैले। मंगलवार को बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उमरी खाद वितरण केंद्र में किसानों की भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई। निजी महाविद्यालय परिसर में खाद और टोकन लेने के लिए हजारों किसान सुबह से ही इकठ्ठा थे।
स्थिति और बिगड़ सकती है
उमरी खाद वितरण केन्द्र में भीड़ बढ़ने पर धक्का-मुक्की होने लगी और अचानक भगदड़ की स्थिति बन गई। इस दौरान चार महिलाएं और दो पुरुष गिरकर घायल हो गए।घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं खाद वितरण में अव्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की कमी को लेकर किसानों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
पुलिस प्रशासन दोषी
घायलों का आरोप है कि हादसा सीएसओ कालेज प्रबंधन और स्थानीय पुलिस प्रशासन की लापरवाही से हुआ। प्रशासन ने एक कालेज में खाद वितरण केंद्र बनाया है। सुबह से सैकड़ों किसानों की भीड़ इकट्ठा होने के बाद भी कालेज प्रबंधन गेट नहीं खोल रहा था। सुबह से खड़े किसान दोपहर तक भूख और प्यास से बेचैन हो गए। पुलिस ने गेट खुलवाने का कोई प्रयास नहीं किया। बाद में एडीएम सपना चैधरी और एसपी विवेक सिंह के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी आरती सिंह ने वितरण केंद्र का गेट खुलवाया तो सैकड़ों की भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई।
दांत मसूड़े में धंस गया
भगदड़ की वजह से चार महिलाएं भीड़ में दबकर बेहोश हो गईं। एक महिला भीड़ के धक्के में गिर गयी। और किसी ने उसके मुंह पर पैर रख दिया। जिसके चलते उसका दांत मसूड़े में धंस गया।पुलिस बेकाबू भीड़ को नियंत्रित नहीं कर पायी।पटना ,बैकुठंपुर, देवास,उमरी ग्राम पंचायत आदि गांवों से कई किसान आए हुए थे। सबका यही कहना है कि खाद के लिए सुबह से लाइन में लगे थे।प्रशासनिक व्यवस्था दुरूस्त नहीं है।यही वजह है कि यहां भगदड़ हुई है। कल को कहीं कुछ और हो सकता है।
खाद की कालाजारी हो रही-कांग्रेस
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता विनोद शर्मा ने कहा कि अगर सभी खाद वितरण केंद्रों में खाद की उपलब्धता है तो सितंबर के महीने में भगदड़ और लाठी चार्ज क्यों हो रहा है। जितनी बार खाद की रैक आती है,व्यापारियों को पहले से बांट दी जाती है। किसानों के साथ मजाक किया जा रहा है।
एसडीओपी की सुने
एसडीओपी उमेश प्रजापति का कहना है कि किसान चाहते है कि हर दिन खाद बंटे। पूर्व में भी टोकन वितरण सीएसओ कालेज में हुआ था। आज भी यहीं पर खाद का वितरण किया जा रहा था। पिछली बार वितरण के दौरान उनका गेट डैमेज हो गया था। इसी को लेकर कालेज प्रशासन चाहता है कि अब उनका परिसर उपयोग में ना लाया जाए। इधर प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और भीड़ नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।