
Accused of teachers of surguja, arbitrary in the list of surplus teachers
राष्ट्रमत न्यूज,रायपुर (ब्यूरो)। सरगुजा जिले में एक हायर सेकेंडरी समेत 14 स्कूलों को बंद कर 227 स्कूलों का युक्तियुक्तकरण किया जा रहा है। सरगुजा में युक्तियुक्तकरण के तहत एक हजार से अधिक शिक्षक अतिशेष शिक्षकों की काउंसलिंग मंगलवार से शुरू हो गई है। शिक्षक साझा मंच का आरोप है कि अतिशेष सूची में मनमानी किया गया है। खूब हंगामा हुआ। वहीं डीईओ अशोक सिन्हा का कहना है कि सभी दावा आपत्ति का निराकरण कर लिया गया है। अतिरिक्त अतिशेष सूची भी जारी हो गई है। जबकि अतिशेष की वरीयता सूची में जिनका नाम था, वे नाम काउंसलिंग की सूची से गायब है। अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।
99 व्याख्याताओं की सूची जारी
हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के शिक्षकों का समायोजन विषयवार किया जाना है। देर रात जारी सूची में ट्राइबल से विषयवार 99 व्याख्याताओं की वरीयता सूची जारी हुई है। वहीं एजुकेशन के काउंसलिंग के लिए 18 व्याख्याताओं की सूची जारी की गई है।माध्यमिक शालाओं के समायोजन के लिए एजुकेशन से मात्र 3 और ट्राइबल के 33 शिक्षक और 1 प्रधानपाठक का नाम जारी किया गया है।
शिक्षकों की सूची में त्रुटि
काउंसलिंग की लिस्ट में कई त्रुटियां सामने आई हैं। ट्राइबल अंग्रेजी की वरीयता सूची में पूनम पांडेय, सरई टिकरा का नाम दूसरे और छठवें स्थान पर अंकित है। सूची में ऐसे शिक्षकों का नाम भी शामिल है, जिनका नाम पूर्व में जारी अतिशेष सूची में शामिल ही नहीं था। उनका नाम सीधे काउंसलिंग के लिए जारी सूची में शामिल किया गया है। इससे शिक्षक परेशान हैं।शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार समायोजन के लिए रिक्त पदों की संख्या के हिसाब से वरीयता सूची जारी की गई है, लेकिन शेष बचे अतिशेष शिक्षकों की सूची जारी ही नहीं हुई है। वरिष्ठ शिक्षकों का नाम सूची में नहीं है, जिसपर शिक्षकों ने सवाल उठाए हैं।मामले में जानकारी के लिए जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा से संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
अतिशेष समायोजन में पारदर्शिता नहीं
शिक्षक साझा मंच के जिला संयोजक कमलेश सिंह ने कहा कि अतिशेष समायोजन में पारदर्शिता का कहीं नहीं दिखी। दावा-आपत्ति में क्या हुआ, किनके आवेदन पर विचार किया गया, किसका नाम जोड़ा या हटाया गया, यह प्रक्रिया सार्वजनिक नहीं की गई।मनमाने तरीके से नाम जोड़े और हटाए गए हैं। शेष बचे अतिशेष शिक्षकों का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। वरिष्ठता सूची में गड़बड़ी दिखी है। इसका विरोध किया जाएगा।
जिले में 1050 से ज्यादा अतिशेष शिक्षक
सरगुजा जिले में स्कूलों और शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण के बाद 1050 से ज्यादा शिक्षक अतिशेष घोषित किए गए हैं। पहले दिन प्राइमरी स्कूलों की काउंसलिंग के बाद करीब 100 शिक्षकों की पदस्थापना पद नहीं होने के कारण नहीं की गई। बताया गया है कि डीईओ इनकी पोस्टिंग अपने सुविधानुसार करेंगे।शिक्षक साझा मंच का आरोप है कि मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी के शिक्षकों की सूची में जानबूझकर अधिकारियों ने कई शिक्षकों का नाम गायब किया है। इस कारण यह सूची सार्वजनिक नहीं की गई है। पूर्व में गड़बड़ी की शिकायत कलेक्टर सरगुजा से भी की गई थी, लेकिन पारदर्शिता को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं किया गया है।