*जमीन जोतने को लेकर खूनी बवाल
*घायल संजय गांधी अस्पताल रेफर
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। अतरैला थाना क्षेत्र के ग्राम हरदोहा में जमीन की जुताई को लेकर चल रहा विवाद हिंसक हो गया। विवादित खेत में जुताई रोकने पहुंचे पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के साथ मारपीट का आरोप है। शिकायत के मुताबिक एक व्यक्ति के सिर पर लोहे की पाइप से वार किया गया, जबकि बचाव करने पहुंचे बेटे के साथ भी डंडे से मारपीट की गई। गंभीर चोट के चलते एक घायल को संजय गांधी अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।

खेत में जुताई करने से मना किया
पुलिस को दी शिकायत में प्रभाकर तिवारी ने बताया कि खसरा नंबर 303/2 की जमीन को लेकर कृष्णरुचि तिवारी से विवाद चल रहा है। आरोप है कि 16 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे सतिश तिवारी ट्रैक्टर से विवादित जमीन की जुताई करा रहे थे। जानकारी मिलने पर प्रभाकर तिवारी अपने बेटे कन्हैया तिवारी के साथ मौके पर पहुंचे और नदी वाले खेत में जुताई करने से मना किया।

डंडे से हमला करने का आरोप
शिकायत के अनुसार, इसके बाद सतिश तिवारी ने फोन कर कृष्णरुचि तिवारी और अंकित तिवारी को मौके पर बुलाया। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विवाद बढ़ने पर कृष्णरुचि तिवारी ने लोहे की पाइप से प्रभाकर तिवारी के सिर पर वार कर दिया। पिता को बचाने पहुंचे कन्हैया तिवारी पर भी डंडे से हमला करने का आरोप लगाया गया है।

शरीर के कई हिस्सों में चोट
मौके पर मौजूद बलवंत तिवारी और ट्रैक्टर चालक सुरेश तिवारी द्वारा बीच-बचाव किए जाने की बात शिकायत में कही गई है। इसके बावजूद मारपीट जारी रहने का आरोप है। प्रभाकर तिवारी ने सिर, कंधे, हाथ और उंगली समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट लगने की जानकारी पुलिस को दी है।

घायल को संजय गांधी किया गया रेफर
मारपीट में घायल एक व्यक्ति की चोट गंभीर बताए जाने पर उसे उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया। पीड़ित पक्ष ने अतरैला थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से चल रहे विवाद की भी पड़ताल की जा रही है।