
22 cows stolen from kanji house, congress demonstrated
राष्ट्रमत न्यूज,धमतरी(ब्यूरो)। छत्तीसगढ़ के धमतरी में नगर निगम के कांजी हाउस से मंगलवार रात 22 मवेशियों की चोरी हो गई है। इस मामले में नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने महापौर और नगर निगम पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि भारत में पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी शासकीय संस्थान से गायों की चोरी हुई है। मंगलवार को चोरों ने ताला तोड़कर मवेशी चुरा ले गए। इस मामले में अधिकारियों ने शुक्रवार को मामला दर्ज कराया है। यह वारदात अर्जुनी खपरी रोड पर स्थित कांजी हाउस की है।
जिम्मेदार पर कार्रवाई की जाए
शहर में घूम रहे आवारा मवेशियों को अर्जुनी क्षेत्र स्थित कांजी हाउस में रखा गया था। जब निगम कर्मचारियों ने कांजी हाउस का निरीक्षण किया तो करीब 22 मवेशी वहां नहीं मिले। इससे आशंका हुई कि मवेशियों को कोई अज्ञात व्यक्ति ले गया है। कांजी हाउस से गाय चोरी का मामला अब राजनीतिक रंग ले लिया है। रविवार को कांग्रेस के पार्षदों ने कांजी हाउस में प्रदर्शन किया। इस मामले को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने भाजपा सरकार के ऊपर गंभीर आरोप लगाए। साथ ही जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
ट्रिपल इंजन की सरकार में गाय की चोरी
नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने भाजपा पर गौ माता के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एक तरफ ट्रिपल इंजन की सरकार है और दूसरी तरफ गायों की चोरी हो रही है। इसमें प्रशासन का हाथ है। कांग्रेस पार्षदों ने जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो, वे उग्र आंदोलन करेंगे।
गो माता के प्रति लापरवाह
उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन ने कहा कि गौ माता के नाम पर बीजेपी वोट बटोरती है। नगर निगम के साथ ट्रिपल इंजन की सरकार होने के बावजूद और निगम क्षेत्र के अधीन आने वाले गौठान से 22 गायों की चोरी और शासन-प्रशासन गौ माता के प्रति लापरवाही दर्शा रही है।नगर निगम के किसी गांव तस्कर के साथ मेल-जोल होने का प्रश्न चिन्ह खड़ा होता है। गौ माता को लेकर राजनीति नहीं करनी चाहिए। गौ माता आस्था से जुड़ी हुई है।जिसमें राजनीति न करके महापौर और नगर निगम 22 गाय को लेकर स्पष्ट करें।
मेयर में कांग्रेसियों से किया सवाल
महापौर रामू रोहरा ने पलटवार करते हुए कहा कि गौ माता की हत्या करने वाले लोग गौ माता संरक्षण की बात कर रहे हैं। यह हंसने वाली बात है। कांग्रेस की सरकार में गौ माता की गौठान में हत्या होती थी और अगर गाय कांजी हाउस से गायब हुई है, तो रिपोर्ट कराई गई है। जिनकी गायों की जब्ती बनाई गई थी, उनके मालिक अब तक नहीं पहुंचे हैं। प्राथमिकता के आधार पर नगर निगम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। गौठान में जितने गाय मौजूद थी, उतनी गाय अभी भी मौजूद हैं। जितनी जब्ती की गई गाय है, वह अपने मालिक के पास वापस चली गई या किसी ने गायब की है। जिसकी समीक्षा पुलिस करेगी। महापौर ने सवाल किया कि कांग्रेस शासन में कितने गाय की हत्या हुई है। जिसकी जानकारी दी जाए।