
Water on all bridges and culverts of mauganj,water logging from place to place
राष्ट्रमत न्यूज,मऊगंज(ब्यूरो)। बुधवार से लगातार बारिश हो रही है। इससे जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बारिश की वजह से कई मार्ग प्रभावित हुए हैं। मऊगंज करह मार्ग पर निहाई नदी के पुल पर पानी चढ़ जाने से आवागमन ठप हो गया है। जिले के सभी पुल और पुलिया पर पानी आ गया है।इस वजह से कलेक्टर संजय कुमार जैन ने सभी शैक्षणिक संस्थान बंद में अवकाश घोषित कर दिया। जिससे आज शैक्षणिक संस्थान नहीं खुले।
भारी वर्षा की चेतावनी
मौसम विभाग ने 16 और 17 जुलाई को भारी वर्षा की चेतावनी दी थी। नई गढ़ी कस्बे में स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। वार्ड नंबर 14 और 15 में कई घरों में पानी भर गया है पुलिस थाना परिसर में भी पानी घुस गया है। कन्या विद्यालय, बालक शाला, छात्रावास, बीआरसी और बीईओ कार्यालयों के बाहर घुटनों तक पानी जमा है।। वहीं मऊगंज एवं हनुमना में भी जगह-जगह जल भराव की स्थिति है।
निहाई नदी के पुल पर पानी
देवतालाब-मऊगंज मार्ग पर खड़ुई नाले के पास पेड़ गिरने से यातायात रुक गया है। सेंनुआ फूल पहुंच मार्ग पर ओड्डा नदी का पुल डूब गया है। मऊगंज-करह मार्ग पर निहाई नदी के पुल पर पानी चढ़ गया है। नईगढ़ी-पनिगवा मार्ग पर कगास नदी का पुल और चकहरन टोला मार्ग पर हरफरी नदी के बजरहा घाट पर भी पानी आ गया है।हनुमना क्षेत्र के ढाबा तिवारियान गांव में भी स्थिति चिंताजनक है। यहां भी कई घरों में पानी घुस गया है। स्थानीय लोग पानी निकालने का प्रयास कर रहे हैं।