
Four naxalites were killd in the red corridor of balaghat,
राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट के लालगलियारे में पुलिस और नक्सलियों की बीच हुई मुठभेड़ में चार हार्डकोर नक्सली मारे गए हैं। मुठभेड़ बिठली पुलिस चौकी क्षेत्र के पचामा दादर के जंगल में हुई। हाक फोर्स और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।पुलिस के रिकार्ड के अनुसार अभी 75-80 नक्सली बालाघाट में है। इसमें बीस महिला नक्सली हैं।उनके रेड कारीडोर का दायरा अब नहीं बढ़ने दिया जाएगा। हर हाल में सुरक्षा बल उन्हें मार्च 2026 तक मार गिराएंगे।
ऑपरेशन जारी है
एस.पी. आदित्य मिश्रा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अभी भी ऑपरेशन जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस को पचामा दादर के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद फोर्स यहां भेजी गई। मुठभेड़ में मारी गई तीनों महिला और एक पुरूष नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
ग्रेनेड लांचर भी मिला
मध्य प्रदेश पुलिस और हाॅक फोर्स ने इस मुठभेड़ में महत्वपूर्ण हथियार भी बरामद किए। जिनमें एक ग्रेनेड लान्चर और एसएलआर शामिल होना बताया जा रहा हैं। यह पुलिस की नक्सल उन्मूलन के प्रयासों में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। मारे गए नक्सलियों से हथियारों के अलावा अन्य उपकरण भी मिले हैं। फिलहाल मुठभेड़ के बाद सर्च आपरेशन जारी है और शवों की बरामदगी की उम्मीद जताई जा रही है।इससे पहले 19 फरवरी को भी बालाघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली थी। कान्हा के वनक्षेत्र सूपखार में रौंदा फारेस्ट कैंप के पास हुई मुठभेड़ में 4 महिला नक्सली मारी गई थीं। इनमें आशा, शीला, रंजीता और लख्खे मरावी शामिल थीं। इन पर कुल 62 लाख रुपए का इनाम था। ये 2015-16 से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय थीं।बालाघाट जिला पिछले दो दशक से नक्सली समस्या से जूझ रहा है। हालांकि, पिछले कुछ सालों में पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है।
नहीं तो नक्सली मारे जाऐंगे
स्पेशल डीजी नक्सल पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि बिठली थाना क्षेत्र के पचमा दादर के पहाड़ी इलाके में हुई मुठभेड़ में तीन महिला समेत चार नक्सली मारे गए हैं। बालाघाट में जितने भी नक्सली हैं यदि वो सरेंडर कर देते हैं तो उनके लिए हितकर होगा। अन्यथा हर हाल में मार्च 2026तक नक्सली मारे जाएंगे। जो समाज की मुख्यधारा में शामिल होना चाहता है वो कहीं भी किसी भी थाने में सरेंडर कर सकता है।
सरकार पुरस्कृत करेगी
बालाघाट नक्सली मुठभेड़ पर मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने कहा प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश मार्च 2026 तक नक्सलवाद को समाप्त करने के अपने संकल्प की दिशा में लगातार काम कर रहा है। बालाघाट में हुई मुठभेड़ में 4 नक्सली मारे गए हैं। जिनमें 3 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। उनके पास से राकेट लान्चर समेत कई हथियार और गोला.बारूद बरामद किया गया है। इस घटना में अच्छे परिणाम लाने वाले पुलिसकर्मियों को मध्य प्रदेश सरकार जरूर पुरस्कृत करेगी।
नक्सली घटनाओं में 70 फीसदी की कमी
पिछले दिनों गृहमंत्री अमित शाह ने आंकड़े पेश करते हुए बताया था कि देश में 2004 से 2014 तक नक्सली हमले में 6617 सुरक्षाकर्मी और आम लोग मारे गए थे। केंद्र में मोदी सरकार के 10 सालों में इसमें 70 प्रतिशत की कमी आई है।गृहमंत्री शाह का दावा है कि मध्यप्रदेश सहित बिहार, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और एक जिला छोड़कर महाराष्ट्र भी नक्सल समस्या से मुक्त हो चुके हैं।