
Kerala reached monsoon,thunderstorm alert in 28 states
राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली(ब्यूरो)। देश में 25 मई से 2 जून तक नौतपा शुरू होने जा रहा है। वहीं दूसरी ओर कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी तूफान का कहर है। इसी बीच केरल में मानसून आ गया है।अपने तय समय से आठ दिन पहले। मौसम विभाग के मुताबिक 16 साल में ऐसा पहली बार हुआ जब मानसून इतनी जल्दी आया है। 2009 में मानसून 9 दिन पहले पहुंचा था। नौतपा में दूसरी ओर तापमान 48 सेंटी ग्रेट तक जाने की आशंका है। मौसम विभाग ने शनिवार को देश के 28 राज्यों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी राजस्थान में गर्मी जारी है। 16 जिलों में 27 मई तक हीटवेव का रेड अलर्ट है।
केरल के तिरुवनंतपुरम में तेज हवाओं और बारिश की वजह से एक पेड़ जड़ से उखड़ गया।
मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है
मानसून चार दिन से देश से करीब 40-50 किलोमीटर दूर अटका था और शुक्रवार शाम आगे बढ़ा। इसके आज ही तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों में भी पहुंचने की संभावना है। एक हफ्ते में देश के दक्षिणी और पूर्वोत्तर राज्यों जबकि 4 जून तक मध्य और पूर्वी भारत को कवर कर सकता है।आम तौर पर मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है और 8 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेता है। यह 17 सितंबर के आसपास वापस लौटना शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से वापस चला जाता है।मौसम विज्ञानियों के अनुसार, मानसून की शुरुआत की तारीख और सीजन के दौरान कुल बारिश के बीच कोई संबंध नहीं है। इसके जल्दी या देर से पहुंचने का मतलब यह नहीं है कि यह देश के अन्य हिस्सों को भी उसी तरह कवर करेगा।
इस साल मानसून जल्दी पहुंचा
भारत में इस बार मानसून जल्दी पहुंचने की मुख्य वजह अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बढ़ी हुई नमी है। समुद्र का तापमान सामान्य से ज्यादा रहा, जिससे मानसूनी हवाएं तेजी से सक्रिय हुईं। पश्चिमी हवाओं और चक्रवातों की हलचल ने भी मानसून को आगे बढ़ने में मदद की। इसके अलावा जलवायु परिवर्तन भी मौसम के पैटर्न में बदलाव की एक बड़ी वजह बन रहा है।