
राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल। गंदी भाषा की राजनीति करने वाले बीजेपी के नेताओं के खिलाफ पूरे प्रदेश में कांग्रेस, मंत्री विजय शाह,डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और पूर्व केन्द्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। पुतले जला रही है। डिप्टी सीएम के निवास पर प्रदर्शन करने गए कांग्रेसी गिरफ्तार कर लिए गए है। पीएम की चुप्पी पर उनके पोस्टर पर ताला लगाने, आंख पर पट्टी बांधी की तस्वीर वायरल हो रही है। वहीं प्रदर्शन के दौरान कई जगह बीजेपी और कांग्रेसियों के बीच मारपीट भी हुई। इसके अलावा निमाड़ी में विजय शाह के पुतले पर पेट्रोल डालते वक्त अचानक आग लग गयी। जिससे कांग्रेस नेता सहित दो पत्रकार झुलस गए।
बीजेपी के खिलाफ मोर्चा
मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए गए आपत्तिजनक बयान के बाद डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते भी अपने बयानों के कारण विवादों में घिर गए हैं। इसको लेकर कांग्रेस ने तीनों नेताओं और बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया।
फोटो पर चूड़ियों का हार पहनाया
इंदौर में कांग्रेस ने बयानों के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर पर मुंह पर ताला लगाकर और आंखों पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। वहीं, रतलाम में महिला कांग्रेस ने मंत्री विजय शाह की फोटो पर चूड़ियों का हार पहनाया और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा का पोस्टर जलाया। इसी तरह उज्जैन, मंदसौर, शिवपुरी, रतलाम, उमरिया, श्योपुर में भी कांग्रेस और महिला कांग्रेस ने देवड़ा और विजय शाह के पुतले जलाकर कार्रवाई की मांग की।
गांधी चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डिप्टी जगदीश देवड़ा का पुतला जलाया।
कांग्रेस ने अध्यक्षों को सलामी दी
भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने अंकुर ग्राउंड के सामने तीनों सेनाओं के अध्यक्षों को सामूहिक सलामी दी। इसके बाद उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश पर ही मंत्री विजय शाह पर FIR हुई और पूरा विश्वास है कि कोर्ट ही बर्खास्त करने का आदेश देगा।
देवड़ा का पुतला जलाया, कांग्रेस ने की नारेबाजी
छिंदवाड़ा में कांग्रेस ने उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया। देवड़ा का पुतला भी जलाया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी देखने को मिली।
- मंडला में कांग्रेस ने उदय चौक में विजय शाह, जगदीश देवड़ा और सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते का पुतला दहन किया।
- डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, मंत्री विजय शाह और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के बयानों के खिलाफ आगर-मालवा में भी कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। छावनी नाका पर कांग्रेसियों ने तीनों नेताओं के पुतले जलाए। इस दौरान नारेबाजी भी की।
- रतलाम में कांग्रेस नेताओं ने डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा की फोटो जलाने के बाद मंत्री विजय शाह की फोटो पर स्याही छिड़कर विरोध दर्ज कराया।
- शिवपुरी के माधव चौक पर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री विजय शाह का पुतला फूंका। इससे पहले एक रैली निकाली और जमकर नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार पर सेना के अपमान का आरोप लगाया।
- निवाड़ी के अंबेडकर चौराहे पर भाजपा मंत्री विजय शाह के विवादित बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से शुक्रवार को किए गए पुतला दहन के दौरान एक हादसा हो गया।कार्यक्रम में कांग्रेस नेता हबीब खान की ओर से पुतले पर पेट्रोल डालते समय अचानक आग लग गई। प्रदर्शन को कवरेज कर रहे 2 पत्रकारों समेत कई लोग झुलस गए।