
7 Years old girls step mother strangled
कटनी । शादी के बाद से अपनी सात साल की सौतेली बेटी से नफरत करने वाली कटनी में एक मां ने उसका गला घोंट कर मार दिया। मामला बरही थाना क्षेत्र के उटिनटोला में शुक्रवार सुबह का है। पुलिस ने आरोपी नंदिनी कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल लिया है।
सौतेली बेटी अनिका से नफरत करती थी
एसपी अभिजीत रंजन ने कहा- जांच में पता चला है कि नंदिनी शादी के बाद से ही सौतेली बेटी अनिका उर्फ नैना कुशवाह से नफरत करती थी। वह हमेशा बच्ची से दूरी बनाकर रखती थी।शुक्रवार सुबह नैना डेढ़ साल के सौतेले छोटे भाई को खाना खिला रही थी। इसी दौरान बच्चा जमीन पर गिर गया। उसके रोने से नंदिनी गुस्सा हो गई। उसने नैना की पिटाई कर दी। फिर रस्सी से गला घोंट दिया।
रस्सी से अनिका का गला घोंट दिया
बरही टीआई शैलेंद्र यादव ने बताया कि हदरहटा के उटिनटोला में पंकज कुशवाह अपनी पत्नी नंदिनी कुशवाह, बेटी अनिका उर्फ नैना कुशवाह और डेढ़ साल के बेटे के साथ रहता है। पंकज शुक्रवार सुबह 11 बजे खेत पर काम करने गया था। घर पर नंदिनी और दोनों बच्चे थे। अनिका छोटे भाई को गोद में लेकर खाना खिला रही थी। इसी दौरान उसके हाथ से भाई गिर गया। वह रोने लगा। इससे गुस्सा होकर नंदिनी ने रस्सी से अनिका का गला घोंट दिया।
नैना के मुंह से झाग निकल रहा था
करीब एक घंटे बाद 12 बजे पंकज घर आया। उसने बेटी के बारे में पूछा तो नंदिनी ने बताया कि वह सो रही है। पंकज ने अंदर जाकर देखा तो खटिया पर अनिका लेटी थी। शरीर पर कंबल डला था। उसने जगाने की कोशिश की, लेकिन बेटी नहीं उठी।पंकज ने देखा कि नैना के मुंह से झाग निकल रहा था। गले पर भी रस्सी के निशान थे। नब्ज टटोली तो बंद मिली। उसे माजरा समझते देर नहीं लगी। तुरंत पुलिस को सूचना दी।