
Government of tripal engine became in haryana
चंडीगढ़। हरियाणा में अब डबल नहीं ट्रिपल इंजन की सरकार बन गई है । विधानसभा चुनाव के बाद BJP ने नगर निकाय चुनाव में भी बंपर जीत हासिल कर ली है । हरियाणा के 10 में से 9 नगर निकाय चुनावों में भाजपा की जीत मिली है । जबकि एक सीट पर भाजपा के बागी निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की । कांग्रेस का हाल विधानसभा चुनाव से भी बुरा है । कांंग्रेस नगर निकाय की एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं कर सकी । फरीदाबाद में भाजपा प्रत्याशी प्रवीन बत्रा जोशी ने देश की सबसे बड़ी जीत दर्ज की । साथ ही हाई-प्रोफाइल सीट गुरुग्राम में भाजपा की राज रानी मेल्होत्रा ने जीत हासिल की। वहीं, मानेसर से निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. इंद्रजीत यादव ने जीत हासिल की है। कांग्रेस का एक भी मेयर नहीं बना है।
तीसरी बार मेयर बनीं रेणु बाला गुप्ता
करनाल नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रेणु बाला गुप्ता लगातार तीसरी बार मेयर बनी हैं। नगर निगम गठन के बाद पहले चुनाव में रेणु बाला गुप्ता ने पहले पार्षद पद का चुनाव जीता था। इसके बाद पार्षदों ने उन्हें मेयर बनाया था। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गई थी। वर्ष 2018 के चुनाव में रेणु बाला गुप्ता को मेयर पद की टिकट मिली। तब उन्होंने नीर्दलयी प्रत्याशी आशा वधवा को हराया था। लगातार दूसरी बार भाजपा ने रेणु बाला पर विश्वास जताया और मेयर पद की टिकट दी। इस चुनाव में भी उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी मनोज वधवा को मात दी। वर्ष 2018 में उन्होंने वधवा की पत्नी आशा वधवा को हराया था। दो चुनाव में वह पति व पत्नी दोनों को हरा चुकी हैं।
पानीपत की मेयर बनी कोमल सैनी
पानीपत से कोमल सैनी ने चुनाव में जीत हासिल किया है। कोमल सैनी पानीपत की मेयर बन गई हैं। उन्होंने 160091 वोट हासिल करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी सविता गर्ग को 121955 वोटों से हराया है।फरीदाबाद में एक ही परिवार के तीन लोग जीते चुनाव ये लोग निगम का चुनाव निर्दलीय तौर पर लड़ रहे थे। फरीदाबाद में पति-पत्नि और देवर ने चुनाव जीता है।
हिसार से पोपली बने मेयर
हिसार से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार प्रवीन पोपली ने जीत हासिल की है। वह इस शानदार जीत हासिल कर मेयर बन गए हैं। प्रवीन पोपली ने 64 हजार 456 वोटों से जीत दर्ज की है।
रोहतक में बीजेपी की जीत
नगर निगम चुनाव में भाजपा मेयर पद के प्रत्याशी राम अवतार वाल्मीकि ने 45198 वोटों से जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सूरजमल किलोई को हराया है।
फरीदाबाद में BJP 227768 वोटों से आगे
नगर निगम फरीदाबाद में मेयर पद के चुनाव की मतगणना में पांच राउंड पूरा होने के बाद भाजपा की प्रत्याशी प्रवीन जोशी 227768 वोटों से आगे हो गई हैं। उनकी जीत सुनिश्चित मानी जा रही है। कुल 13 राउंड की गिनती होनी हैं। निगम चुनाव में 602070 वोट डाले गए थे। भाजपा की प्रवीन जोशी को अब तक 304434 वोट मिले हैं, उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की लता रानी को 76666 वोट मिले हैं। अन्य प्रत्याशियों में आम आदमी पार्टी की निशा दलाल फौजदार को मात्र 20679, बसपा की मनसा पासवान को 19454 वोट मिले। अन्य दो निर्दलीय प्रत्याशियों में अंजना शर्मा 6970 व संगीता यादव को 9686 वोट मिले हैं। नोटा को 7405 वोट मिले।
हरियाणा में ट्रिपल इंजन की सरकार: मोहन
हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने हरियाणा निकाय चुनाव और नगर निगम की मतगणना के बीच कहा कि प्रदेश की जनता ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अब ट्रिपल इंजन की सरकार बन गई है। उन्होंने कहा कि अब विकास भी ट्रिपल होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बुरी हार से पता चलता है कि कांग्रेस अब अपने खात्मे की ओर अग्रसर है।
हिसार में ईवीएम मशीन बदलने का लगा आरोप
नगर निगम हिसार के वार्ड नंबर 1 वार्ड नंबर 4 में ईवीएम मशीन बदलने के प्रत्याशियों ने आरोप लगाए हैं। वार्ड नंबर 4 के विजेता प्रत्याशी को छोड़कर बाकी प्रत्याशियों ने मतगणना पूरी होने के बाद साइन करने से इनकार कर दिया। मतगणना का विरोध करते हुए प्रत्याशियों ने कोर्ट में जाने की चेतावनी दी है। वार्ड नंबर 1 प्रत्याशी रेखा ने आरओ को शिकायत भी दी है। वार्ड नंबर 4 के प्रत्याशियों द्वारा भी शिकायत देने की तैयारी की जा रही।
कुरुक्षेत्र में थानेश्वर नगर परिषद के 32 वार्डों में से अभी तक घोषित हुए 23 वार्डों के चुनाव परिणाम में 12, 16, 18, 23 नंबर वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी हुए हैं, बाकी सभी में बीजेपी ने जीत हासिल की है।
नगर निगम फरीदाबाद में पहले राउंड काउंटिंग पूरी होने के बाद मेयर पद के लिए भाजपा की प्रत्याशी प्रवीन जोशी भारी बढ़त के साथ आगे हैं। कुल 13 राउंड हैं। निगम चुनाव में 602070 वोट डाले गए थे। पहले राउंड में 73942 वोटों की गिनती हुई। प्रवीन जोशी को पहले राउंड में 50824 वोट मिले हैं, उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की लता रानी को 13061 वोट मिले। इस तरह से पहले राउंड की गिनती में ही भाजपा प्रत्याशी प्रवीन जोशी 37763 वोट से आगे हो गई हैं। अन्य प्रत्याशियों में आम आदमी पार्टी की निशा दलाल फौजदार को मात्र 2713, बसपा की मनसा पासवान को 3765 वोट मिले। अन्य दो निर्दलीय प्रत्याशियों में अंजन शर्मा 1046 व संगीता यादव को 1424 वोट मिले। नोटा को 1109 वोट मिले।