
10 km long jam of administration
रीवा । रीवा-प्रयागराज मार्ग पर बड़ी दूर तक सिर्फ कारों की लंबी कतारें दिख रही है। प्रशासन को पसीना आ रहा है दस किलोमीटर का जाम हटाने में। महाकुंभ में जाने वाले और लौटने वालों की भीड़ ने सड़क को बेदम कर दिया है। करीब दस किलोमीटर का लंबा जाम है। पांच से सात हजार वाहनों के पहिये इस जाम में थम गए है।रीवा से प्रयागराज की दूरी 135 किलोमीटर है। लेकिन सफर तय करने में दस से बारह घंटे लग रहे हैं।
माघ पूर्णिमा के चलते भीड़ बढ़ी
प्रयागराज की ओर जाने वालों की भीड़ की मुख्य वजह यह है कि 12 तारीख को माघ पूर्णिमा है। इस दिन हर कोई गंगा में नहाना चाहता है। भीड़ कटनी,सतना,अमरपाटन की है। नेशनल हाइवे पर जाम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। प्रशासनिक अधिकारी हक्का बक्का हो गए हैं। वहीं मऊगंज के विधायक नरेन्द्र प्रजापति अनाउ कर व्यवस्था बनाने में लगे है। रीवा के गंगेव, चाकघाट, जोगनिहाई टोल प्लाजा, झिरिया टोल प्लाजा, सोहागी घाटी और रायपुर कर्चुलियांन मार्ग पर यात्रियों की भीड़ है। कल यानी शनिवार को भी जाम लग गया था। उसे मौके पर एडिशनल एसपी विवेक लाल और एडिशनल एसपी अनिल सोनकर मौजूद हैं। लेकिन कामयाब नहीं हो पा रहे हैं।
हजारों श्रद्धालू जाम में फंसे
पांच से सात हजार वाहन में सवार लोग परेशान हो रहे हैं। जो अपनी गाड़ी में खाने पीने की सामग्री रखे हैं,उन्हें चिंता नहीं कि जाम कितनी ही देर से खुले। लेकिन जिनके पास पास पानी और खाना नहीं है, जिससे वे परेशान हो रहे हैं। स्थानीय दुकानदार उन्हें महंगे दामों में खाद्य सामग्री बेच रहे हैं। पुलिस प्रशासन सतना जिले के अमरपाटन में वाहनों को रोक दिया है।यहां तमिलनाडु, कर्नाटक के अधिकांश लोग फंसे हुए हैं। इनका कहना है कि प्रशासन यह नहीं बता रहा कि आखिर उन्हें क्यों रोका गया है।
पुलिस वाले रोक रहे
प्रयागराज के लिए निकले अमित मिश्रा ने बताया कि बिलासपुर से आठ फरवरी को निकले थे। लेकिन व्यौहारी तक ठीक था। उसके बाद से जाम का सामना करना पड़ा। रीवा से निकलने के बाद हालत खराब हो गयी। प्रयाग राज कब पहुचेंगे कुछ कहा नहीं जा सकता। रीवा पहुंचने पर लोगों को लगा कि प्रयागराज की दूरी अब सिर्फ 135 किलोमीटर है। तीन चार घंटें में पहुंच जाएंगे। लेकिन जाम ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। मनगवां, कटरा,चाकघाट, सुहागी, जसरा, नारीवारी और प्रयागराज जिले के घूरपुर नैनी क्षेत्र में सड़कों पर वाहनों का रेला दिखाई देता है। पिछले तीन दिन से पुलिस आने उजाने वालों को अलग-अलग स्थान पर रोक रही है। ताकि प्रयागराज में जाम की स्थिति न बने।
डिप्टी सी.एम को चिंता नहीं
जाम अचानक नहीं लगा। शनिवार को जाम लगना शुरू हुआ। प्रशासन चाहता तो यह स्थिति न बनने देता। लेकिन उसने गंभीरता से नहीं लिया। और एमपी.यूपी बार्डर पर जाम की स्थिति शनिवार को निर्मित होने लगी। चाकघाट से कुछ ही दूरी पर करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लगा था। कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी विवेक सिंह व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे थे। इसके बाद रविवार सुबह 7 बजे से 11 बजे तक वाहनों की संख्या में बढ़ती चली गई और दोबारा जाम लग गया। दअसल दूसरे राज्यों से आ रहे श्रद्धालु मसलन तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र, हैदराबाद समेत अन्य राज्यों के इसी रास्ते से प्रयागराज जा रहे हैं। महाकुभ ने प्रशासन की सारी व्यवस्था की पोल खोल दी। जबकि मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव और डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ला ने कहा था कि प्रयागराज जाने वाले किसी भी श्रद्धालू को कोई कष्ट न हो। डिप्टी सीएम आज दिन भर फोटो खिंचवाते रहे। कार्यक्रम करते रहे। वहीं जाम से अवाम और प्रशासन परेशान है।