
Bloody game in Lucknow hotel with 5 dead bodies
लखनऊ (ब्यूरो)। नए साल के पहले ही दिन लखनऊ में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या ने पुलिस को हैरान कर दिया। आगरा से लखनऊ आया था परिवार नए साल का जश्न मनाने। कहा जा रहा है हत्या बेटे ने की है। जबकि पिता फरार है। हत्या के आरोप में पुलिस ने 24 साल के अरशद को गिरफ्तार कर लिया है। कहा जा रहा है कि नशीला पदार्थ खिलाकर सभी की नशें काटी गयी है। मामला क्या है पुलिस जांच कर रही है। लेकिन जिस तरीके से हत्या का वीडियो सामने आया है , पुलिस के लिए भी सिरदर्द हो गया है। पुलिस के अनुसार अरशद ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया है। लेकिन यह भी कह रहा है यह सब हत्या उसके पिता बदर ने की है।
हत्या के बाद पिता होटल से भाग गया
लखनऊ के होटल में बाप-बेटे ने अपने परिवार के 5 लोगों की हत्या कर दी। पत्नी और 4 बेटियों की हत्या के बाद पिता होटल से भाग गया। जबकि बेटा थाने गया। वहां पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे में 5 लोगों की लाश पड़ी थी। बेटे अरशद (24) के साथ पिता मो. बदर ने पत्नी आसमां, 4 बेटियों- आलिया (9), अक्क्षा (16), अल्शिफा (19) और राहीमीन (18) की हत्या कर दी।
पुलिस ने कमरा सील कर दिया
परिवार 30 दिसंबर को लखनऊ आया था। नाका इलाके के शरनजीत होटल में कमरा लिया। बेटे ने मर्डर के दौरान का वीडियो भी बनाया। इसमें पिता बच्ची का गला दबाते नजर आ रहा है। कमरे में लाशें पड़ी हुई हैं। परिवार आगरा के इस्लाम नगर, टेढ़ी बगिया का रहने वाला था। शरनजीत होटल में कमरा नंबर-109 में ठहरा था। जांच के बाद पुलिस ने कमरा सील कर दिया।
वीडियो में कहा-योगी जी इंसाफ दिलवाइए
अरशद ने हत्या के दौरान वीडियो बनाया। इसमें आगरा में पड़ोसियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। कहा- उन्होंने जीना हराम कर दिया। हमारे घर पर कब्जा करना चाहते हैं। हम 13 दिन से फुटपाथ पर सोने के लिए मजबूर हैं। आरोपी हमारी बहनों को बेचना चाहते थे।आज ये बहुत तड़पी हैं। योगी जी हमारे जीते जी नहीं तो मरने के बाद ही इंसाफ दिलवाइए। ऐसे मुसलमानों को मत छोड़ना। मकान के पेपर मेरे पास हैं। मकान को हम मंदिर के नाम करना चाहते थे। धर्म परिवर्तन करना चाहते थे। योगी जी से गुजारिश है कि इन जैसे मुसलमानों को मत छोड़ो।
मारने का फैसला किया
अरशद ने पूछताछ में बताया कि उसे डर था कि उसे कुछ हो गया तो मां और बहन का क्या होगा। इसलिए उनको मारने का फैसला किया। अरशद परिवार को पहले अजमेर लेकर गया। फिर लखनऊ लाकर सभी को होटल में रुकवाया। रात में शराब पिलाई। पिता के साथ मिलकर कुछ के मुंह में कपड़ा डालकर दुपट्टे से गला दबा दिया और कुछ की कलाई ब्लेड से काट दी।
पिता ने भी परिवार के साथ बनाया था वीडियो
पुलिस को अरशद के मोबाइल से एक वीडियो मिला है। इसमें पिता बदर, चार बेटियां और पत्नी हैं। इसमें आरोपी बदर कह रहा है- पड़ोसी परिवार को बहुत ज्यादा परेशान करते हैं। कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। 16 तारीख को भी मैंने पुलिस कंप्लेन की। लेकिन पुलिस ने दबाव डालकर समझौता करा दिया। पड़ोसियों को पता है कि हम इस्लाम धर्म छोड़ना चाहते हैं। इसलिए उन्होंने दुश्मनी कर ली। हम लोग भटक रहे हैं, बहुत परेशान हैं।
आगरा के घर पर ताला
परिवार आगरा का रहने वाला था। घर पर ताला लगा था। पड़ोस में रहने वाले बाबू मासूम खां ने बताया- जब मुझे घटना के बारे में पता चला तो मैं अरशद के घर पर आया तो देखा ताला लगा हुआ था। पता चला कि अरशद 8-10 दिन पहले अजमेर की बात कहकर घर से निकल गया था। वह फेरी लगाने का काम करता था। आए दिन मोहल्ले में झगड़ा करता रहता था।