मऊगंज में NDPS के 11 प्रकरण दर्ज, 3 पर PIT NDPS की कार्रवाई - rashtrmat.com

मऊगंज में NDPS के 11 प्रकरण दर्ज, 3 पर PIT NDPS की कार्रवाई

  राष्ट्रमत न्यूज,रीवा/मऊगंज(ब्यूरो)। मऊगंज में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार-2.0 के तहत बड़ा अभियान चलाया है। गांजा तस्करी हो या नशीली टैबलेट का अवैध कारोबार, पुलिस ने नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसने के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। महज 15 दिनों के भीतर NDPS एक्ट के 11 प्रकरण दर्ज किए गए, तीन व्यक्तियों के विरुद्ध PIT NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इतना ही नहीं, पुलिस ने चार लाख 56 हजार 650 रुपये मूल्य का मादक पदार्थ और अन्य संबंधित मशरूका जब्त किया है।
NDPS एक्ट के कुल 11 प्रकरण दर्ज
पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में मऊगंज जिले में ऑपरेशन प्रहार-2.0 चलाया गया। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 15 दिवसीय विशेष अभियान के तहत मादक पदार्थों के अवैध विक्रय, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान NDPS एक्ट के कुल 11 प्रकरण दर्ज हुए। इनमें गांजा से संबंधित 9 और नशीली टैबलेट के 2 मामले शामिल हैं। वहीं, नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तीन व्यक्तियों के विरुद्ध PIT NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 4 लाख 56 हजार 650 रुपये मूल्य का मादक पदार्थ एवं अन्य संबंधित मशरूका जब्त किया है।
नशे की जड़ तक पहुंचना चुनौती
हालांकि कार्रवाई के आंकड़े सामने हैं, लेकिन अब सबसे बड़ी चुनौती नशे के अवैध नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की है। क्या पुलिस की यह मुहिम नशे के कारोबार पर स्थायी अंकुश लगा पाएगी? यह देखने वाली बात होगी मऊगंज पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *