
SP office reached nsui with empty corex ,police charged lathi
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। कोरेक्स की खाली शीशियां चार प्लास्टिक बैग में भरकर गुरुवार को एनएसयूआई कार्यकर्ता एस.पी कार्यालय पहुंच कर प्रदर्शन किया। पुलिस प्रशासन और एसपी के खिलाफ नारे लगाए। उनका कहना था प्रतिबंधित कोरेक्स की शीशियां पुलिस थाने के आस पास से मिली है। पुलिस जब प्रतिबंधित कोरेक्स पकड़ रही है तो फिर ये शहर की गलियों में,काॅलेज के आस पास कहां से आ रही हैं। हालात बिगड़ते देख सीएसपी राजीव पाठक ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया। अचानक हुए लाठीचार्ज से कार्यकर्ता भाग खड़े हुए। मौके पर अफरा तफरी मच गयी।वहीं एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दिये हैं।
लाठियां मार कर पुलिस ने खदेड़ा
रीवा में पुलिस ने खांसी की प्रतिबंधित दवा की खाली शीशियां लेकर प्रदर्शन कर रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को इसका जरा भी भान नहीं था कि ऐसा करने पर पुलिस उन्हें लाठियां मार कर खदेड़ देगी। एनएसयूआई कार्यकर्ता गुरुवार शाम को एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे थे।
कोरेक्स की खाली शीशियों का प्रदर्शन
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का कहना था कि रीवा में ऐसे कई वीडियो सामने आ चुके हैं जिनमें प्रतिबंधित दवा की बिक्री खुलेआम हो रही है। पुलिस वाले भी इसमें शामिल हैं। बावजूद इसके प्रतिबंधित कोरेक्स रीवा में क्यों बिक रहा है? स्थानीय लोग भी यही सवाल कर रहे हैं। कोरेक्स की बिक्री के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ता विरोध करने चार प्लास्टिक बैग में नशीली सिरप की सैकड़ों खाली शीशियां भरकर एसपी कार्यालय पहुंचे थे।
संवाद के बीच लाठीचार्ज
NSUI के कार्यकर्ता एसपी दफ्तर के परिसर में बैठकर पुलिस और बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। लेकिन कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम सबूत लेकर आए हैं, जिसे सीनियर अधिकारियों को सौंपना चाहते हैं।सीएसपी ने कहा कि प्रदर्शन के लिए परमिशन लिये हो। इसका उनके पास जवाब नहीं था। प्रदेश सचिव रवि सुमित सिंह ने बताया कि संवाद चल ही रहा था कि पुलिस ने सुनने की बजाए सीधे लाठी चार्ज कर दिया। पुलिस के आक्रामक रवैये से डरकर सारे कार्यकर्ता एसपी दफ्तर के परिसर से भाग निकले।
उग्र आंदोलन करेंगे
रवि सुमित सिंह ने कहा कि हमारी बात सुने बगैर पुलिस का बर्ताव ठीक नहीं था। हम सिर्फ सवाल करने गए थे। प्रतिबंधित कोरेक्स क्यों बिक रहा है,इसका जवाब मांगने गए थे। जब कारेक्स कौन बेच रहा है पुलिस को पता हो गया तो फिर भी क्यों बिक रहा है। NSUI इन धमकियों और लाठीचार्ज से डरने वाला नहीं है। अगर हमारी आवाज को दबाने की कोशिश की गई तो हम आगे चलकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। जिसकी पूरी जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी।