
Mazar sabotage scandal,four accused sent to jail
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)।मध्यप्रदेश के रीवा जिले के गोर्गी गांव में शुक्रवार की रात कुछ असमाजिक तत्वों ने गाजी मियां की मजार में तोड़ फोड़कर भगवा झंडा लगा दिया था। मुस्लिम समाज में इस कांड से बेहद नाराजगी थी। पुलिस ने रविवार को मजार में तोड़ फोड़ करने में शामिल सुनील चैरसिया,सतीश चैरसिया,सुधाकर चैरसिया,संदीप चैरसिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। जबकि अन्य चार संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। पास ही हनुमान जी का मंदिर है।पुलिस बल अभी वहां तैनात है। ताकि किसी तरह की अप्रिय वारदात न हो।
मजार को क्षतिग्रस्त किया
गुढ़ विधानसभा क्षेत्र के गोर्गी गांव में गाजी मियां की मजार है। जो सैकड़ों साल पुरानी बताई जा रही है। शुक्रवार की दोपहर यहां पर जब लोग जुमे की नमाज पढ़कर गए तो सब कुछ ठीक था। लेकिन रात में कुछ शरारती तत्वों ने मजार को क्षतिग्रस्त कर उसमें भगवा झंडा लगा दिया था।मजार में तोड़ फोड़ की जानकारी शनिवार को मुस्लिम समाज को हुआ।
चार अरोपी कोर्ट में पेश
शनिवार को मुस्लिम समाज ने मजार में तोड़ फोड़ की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस बल मौके पर पहुंचा और क्षतिग्रस्त मजार को दुरूस्त किया गया। चार आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर पुलिस आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने सुनील चैरसिया,सतीश चैरसिया,सुधाकर चैरसिया,संदीप चैरसिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
मौके पर शांति व्यवस्था कायम
घटना से नाराज मुस्लिम समाज के लोगों को प्रशासन ने समझाइश देते हुए क्षतिग्रस्त मजार का निर्माण कराया। पुलिस ने मुस्लिम समाज की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मुफ्ती मोहम्मद मुबारक अजहरी, शहर काजी ने पुलिस पर भरोसा जताया कि अपराधी पकड़े जाएंगे। और लोगों से शांति बरतने की अपील की। डीएसपी हिमाली पाठक ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।