
लखनऊ। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में 25 कमाडो रहते हैं। हर माह उनकी सुरक्षा में एक करोड़ 38 लाख रुपए खर्च होते हैं। बावजूद इसके उन्हें फिर मारने की धमकी दी गयी है। कहा गया है कि दस दिनों के अंदर इस्तीफा दें दे नहीं तो हश्र बाबा सिद्दीकी जैसा होगा। इस बार मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक नंबर से मैसेज आया। इसमें लिखा था अगर योगी ने 10 दिन में इस्तीफा नहीं दिया तो बाबा सिद्दीकी जैसा हाल करेंगे।
मुंबई पुलिस जांच कर रही
मुंबई पुलिस ने शनिवार शाम को धमकी भरा मैसेज मिलने के बाद यूपी पुलिस को सूचना दी। मुंबई पुलिस धमकी देने वाले तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। यूपी पुलिस इस मामले में मुंबई पुलिस को जो मैसेज मिला है उसकी जांच कर रही है। वहीं मुंबई पुलिस भी इसका पता लगा रही है कि मैसेज कहां से और किसने भेजा था। यह किसी की शरारत है या फिर कुछ और। इससे पहले भी सी एम योगी को कई बार धमकी मिल चुकी है।
लड़का पकड़ा गया था
दर्जनो दफा योगी को मारने की धमकी दी जा चुकी है। आठ महीने पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। जुलाई 2020 में 112 नम्बर पर डायल कर योगी को जान से मारने की धमकी आई। इसमें कानपुर देहात का 12वीं में पढ़ने वाला लड़का पकड़ा गया था।
जिम्मेदारी लारेंस गैंग ने ली
गौरतलब है कि 12 अक्टूबर को दशहरे के दिन मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई थी। वे अपने बेटे जीशान के दफ्तर के बाहर निकले थे। तभी उन पर 6 गोलियां चलाई गईं। 2 गोली सिद्दीकी के पेट पर और एक सीने पर लगी। उन्हें तुरंत लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गयाए जहां देर रात उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस हमले की जिम्मेदारी लारेंस गैंग ने ली।