
18 Death due to stampede at new delhi sation
नई दिल्ली (ब्यूरो)। महाकुंभ जाने वालों की भीड़ एक रिकार्ड बना रही है। वहीं हादसे के लिए भी महाकुंभ याद किया जाएगा। प्रयागराज में अब तक छह बार से अधिक आग लगने की घटना हो चुकी है। भगदड़ से तीन दर्जन से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। अब दिल्ली में भी भगदड़ की वजह से 18 जाने चली गयी। दर्जनों लोग घायल हुए। ट्रेन लेट होने और कैंसिल होने की वजह से भीड़ बढ़ गयी। हादसे के कई कारण है। इसकी जांच से अलग वजह भी सामने आ सकती है।
भीड़ बढ़ी और भगदड़ मच गई
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात करीब 9:26 बजे भगदड़ से 18 लोगों की मौत हो गई। इनमें 14 महिलाएं और 3 बच्चे हैं। 25 से ज्यादा लोग घायल हैं। लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल (LNJP) ने मौत की पुष्टि की है।हादसा प्लेटफॉर्म नंबर 13, 14 और 15 के बीच हुआ। महाकुंभ जाने के लिए स्टेशन पर शाम 4 बजे से भीड़ जुटने लगी थी। रात को करीब 8:30 बजे प्रयागराज जाने वाली 3 ट्रेनें लेट हो गईं, जिससे भीड़ बढ़ी और भगदड़ मच गई।
भगदड़ की बात से इनकार
शुरुआत में नॉर्दर्न रेलवे के CPRO (चीफ पब्लिक रिलेशन ऑफिसर) ने भगदड़ की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा कि कोई यह सिर्फ अफवाह है।दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने ट्वीट कर मौत पर संवेदना व्यक्त की। इसके 20 मिनट बाद ही LNJP ने 15 लोगों के मौत की पुष्टि की। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।इससे पहले 29 जनवरी को प्रयागराज के महाकुंभ में 30 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, 10 फरवरी 2013 को कुंभ के दौरान प्रयागराज स्टेशन पर भगदड़ मची थी। हादसे में 36 लोग मारे गए थे।
इसलिए भीड़ बढ़ी
प्रत्यक्षदर्शी सुरेश सिन्हा ने बताया कि मैं भी प्रयागराज जा रहा था। दो ट्रेनें पहले से ही देरी से चल रही थीं, कुछ रद्द कर दी गई थीं। इसलिए स्टेशन पर बेतहाशा भीड़ थी। मैंने जिंदगी में पहली बार इस स्टेशन पर इतनी भीड़ देखी। मैंने खुद छह-सात महिलाओं को स्ट्रेचर पर ले जाते हुए देखा।
मरने वालों में नौ बिहार के
प्रशासन द्वारा जारी लिस्ट के अनुसार, मृतक को की पहचान आहा देवी (79 वर्ष) पत्नी रविन्दी नाथ निवासी बक्सर, पूनम देवी (40 वर्ष) पत्नी मेघनाथ निवासी सारण, ललिता देवी (35 वर्ष) पत्नी संतोष निवासी परना, सुरुचि पुत्री (11 वर्ष) मनोज शाह निवासी मुजफ्फरपुर, कृष्णा देवी (40 वर्ष) पत्नी विजय शाह निवासी समस्तीपुर, विजय साह (15 वर्ष) पुत्र राम सरूप साह निवासी समस्तीपुर, नीरज (12 वर्ष) पुत्र इंद्रजीत पासवान निवासी वैशाली, शांति देवी (40 वर्ष) पत्नी राज कुमार मांझी निवासी नवादा, पूजा कुमार (8 वर्ष) पुत्री राज कुमार मांझी निवासी नवादा. ये सभी लोग बिहार के रहने वाले हैं।
हादसे की तीन बड़ी वजह
- प्रयागराज स्पेशल ट्रेन, भुवनेश्वर राजधानी और स्वतंत्रता सेनानी एक्स. तीनों ही प्रयागराज जाने वाले थीं। दो ट्रेनें भुवनेश्वर राजधानी और स्वतंत्रता सेनानी लेट थीं। इन तीनों ट्रेनों की भीड़ प्लेटफॉर्म-14 पर थी। जब प्रयागराज स्पेशल ट्रेन यहां पहुंची, तभी अनाउंस हुआ कि भुवनेश्वर राजधानी प्लेटफॉर्म नं. 16 पर आ रही है। सुनते ही 14 पर मौजूद भीड़ 16 की तरफ भागी।
- कई लोग टिकट काउंटर पर थे। इनमें 90% प्रयागराज जाने वाले थे। अचानक ट्रेन आने का अनाउंसमेंट हुआ तो लोग बिना टिकट प्लेटफार्म की तरफ भागे। इससे भगदड़ मची।
- दो वीकेंड से कुंभ जाने वालों की भीड़ हो रही थी, पर स्टेशन प्रशासन ने कोई कंट्रोल रूम नहीं बनाया। शनिवार को भी शाम 7 बजे से भीड़ बढ़ने लगी थी, पर किसी ने ध्यान नहीं दिया।