
11 Kuki militants killed in encounter
इम्फाल।मणिपुर के जिरिबाम जिले में सोमवार को सीआरपीएफ के जवान और कूकी उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ में जवानों ने 11 कूकी उग्रवादियों को मार गिराया है। मुठभेड़ दोपहर 2.30 बजे बोरोबेकेरा के जकुराडोर करोंग इलाके में हुई है। कूकी उग्रवादियो ने पुलिस स्टेशन और सीआरपीएफ की चैकी पर हमला किया था। जवाबी कार्रवाई में सीआरपीएफ के दो जवान भी घायल हुए। इनमें एक की हालत गंभीर है।
इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गयी
जहां वारदात हुई है वो इलाका असम सीमा से लगा हुआ है। पुलिस स्टेशन के नजदीक ही मणिपुर हिंसा में विस्थापित लोगों के लिए एक राहत शिविर है। यहां रह रहे लोग कुकी उग्रवादियों के निशाने पर हैं। शिविर पर पहले भी हमले हो चुके हैं। इस इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। इसके अलावा अगले आदेश तक कफ्र्यू लगा दिया गया है।
पांच लोगों के अगवा होने की आशंका
अधिकारियों के मुताबिक उग्रवादी सैनिकों जैसी वर्दी पहने थे। इनके पास अत्याधुनिक हथियार और गोला बारूद थे। मारे गए उग्रवादियों के शवों को बोरोबेकेरा पुलिस स्टेशन में रखा गया। पुलिस स्टेशन पर हमला करने के बाद उग्रवादी पुलिस स्टेशन से एक किलोमीटर दूर जकुराडोर करोंग में एक छोटी सी बस्ती की ओर भागे और घरों में आग लगाना शुरू कर दिया। इस दौरान वे सुरक्षाबलों पर गोलियां बरसाते रहे। इस दौरान पांच लोगों के लापता होने की आशंका है। माना जा रहा है कि उग्रवादियों ने इन्हें अगवा कर लिया है।
किसान खेतों में जाने से डर रहे
सोमवार को ही मणिपुर के याइंगंगपोकपी शांतिखोंगबन इलाके में खेतों में काम कर रहे एक किसान पर उग्रवादियों ने पहाड़ी से गोलीबारी की। इसके कारण एक किसान की मौत हो गई। इसके अलावा कई किसानों को चोट आई। पुलिस के अनुसार इस इलाके में उग्रवादी लगातार तीन दिन से पहाड़ी से निचले इलाकों में फायरिंग कर रहे हैं। खेतों में काम कर रहे किसानों को निशाना बनाया जा रहा है। क्योंकि यहां धान की फसल की कटाई चल रही है। इस घटना के बाद से किसान खेतो में जाने से डर रहे हैं। वहीं तीन दिनों में मणिपुर के पहाड़ी और घाटी जिलों में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने कई हथियारए गोला,बारूद जब्त किए हैं।