नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई और अभिनेता सलमान खान पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये दोनों एक दूसरे से मिले हुए हैं। दोनों की जुगलबंदी टीआरपी के खेल में शामिल है। उन्होंने दावा किया कि यह गरमागरम बहस दोनों के लिए फायदेमंद है। इन दोनों का काम अच्छा चल रहा है। सलमान खान की भी टीआरपी बढ़ रही है और लारेंस बिश्नोई की भी।
जम्मू के हालात बिगड़े
अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान बृजभूषण सिंह ने राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 को दुनिया में अब राहुल गांधी तो क्या कोई लागू नहीं कर सकता है। भाजपा ने बहुत सोच समझ कर यह फैसला लिया है। आज जम्मू कश्मीर की जो स्थिति है इन्हीं की सोच के चलते हुई।
हरियाणा ने कांग्रेस का मनोबल तोड़ा
हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणाम पर बृजभूषण सिंह ने कहा कि कांगे्रस की उम्मीदें जनता ने खत्म कर दी। सरकार नहीं बनने की वजह से कांग्रेस का मनोबल टूट गया है। अब उनके नेता छटपटा रहे हैं। कांग्रेस में जो भी झगड़ा हो रहा है सारा सीट बंटवारे को लेकर है। इनकी लीडरशिप भ्रमित है। ये महाराष्ट्र के लिए भी झगड़ रहे हैं।
दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास से सामान चोरी पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि मैं अरविंद केजरीवाल को गंभीरता से नहीं लेता हूं। भले वह मुख्यमंत्री रहे होंए दोबारा मुख्यमंत्री बनेए लेकिन मैं उनको एक फ्रॉड मानता हूं। यह दुर्भाग्य है कुछ लोग आदर्शवादी तरीके से आए। कहा कि गाड़ी नहीं लूंगा बंगला नहीं लूंगा और सिक्योरिटी नहीं लूंगा। किसान आंदोलन का भी सहारा लिया और जनता से फ्रॉड किया। दिल्ली की जनता के साथ फ्राड करके मुख्यमंत्री बने हैं। इनकी पूरी गैंग ही फ्रॉड है।