रांची। भारतीय जनता पार्टी जो चाहती थी वहीं हो गया। वह नहीं चाहती थी कि इंडिया गठबंधन में तालमेल रहे। हरियाणा में आम आदमी पार्टी अकेले चुनाव लड़कर कांग्रेस को नुकसान पहुंचाया। अब झारखंड में वही होने जा रहा है । भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने झारखंड विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन से किनारा करते हुए 15 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है।
अकेले चुनाव मैदान में
पार्टी के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा को परास्त करने के बड़े उद्देश्य के लिए हम इंडिया गठबंधन का हिस्सा रहे हैं। झारखंड में हमारी पार्टी का बड़ा जनाधार रहा है। हमने चुनाव में गठबंधन के सीट शेयरिंग की साझेदारी के लिए जेएमएम और कांग्रेस दोनों के बड़े नेताओं से संपर्क किया था। उन्होंने आश्वस्त किया था कि इस मुद्दे पर बात होगी। लेकिन हमारी बात नहीं सुनी गयी। ऐसे में हमारी पार्टी अकेले चुनाव मैदान में जाने को तैयार है।
नौ सीटों पर भाकपा के प्रत्याशी
पार्टी ने राज्य में नौ सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। नाला विधानसभा सीट से कन्हाई चंद्रमाल पहाड़िया, सारठ से छाया कोल बरकट्ठा से महादेव राम डाल्टनगंज से रुचिर तिवारी ,कांके से संतोष कुमार रजक, सिमरिया से सुरेश कुमार भुईयां, चतरा से डोमन भुईयां, बिशनपुर से महेंद्र उरांव और भवनाथपुर से घनश्याम पाठक प्रत्याशी बनाए गए हैं। इसके अलावा पांच अन्य सीटों रांची, मांडू, बड़कागांव, हजारीबाग और पोड़ैयाहाट से भी पार्टी चुनाव लड़ेगी। इन सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा जल्द की जाएगी।