नई दिल्ली। भाजपा ने भाजपा ने 8 राज्यों की 25 सीटों पर उपचुनाव के लिए शनिवार को प्रत्याशियों के नाम जारी कर दिये है। इसमें 24 विधानसभा और केरल की वायनाड लोकसभा सीट शामिल है। भाजपा ने वायनाड सीट से नाव्या हरिदास को टिकट दिया है। उनका मुकाबला कांग्रेस की प्रियंका गांधी से होगा।देश में कुल 14 राज्यों की 48 विधानसभा और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। केरल की वायनाड लोकसभा सीट के साथ 13 राज्यों की 47 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को मतदान होगा।महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट और उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को वोटिंग होगी। सभी के नतीजे 23 नवंबर को आएंगे।
प्रियंका रोड शो भी करेंगी
राहुल गांधी ने रायबरेली भी जीतने के बाद वायनाड सीट छोड़ दी है। यह पहले से तय था कि राहुल गांधी यदि दोनों जगह से जीतते हैं तो वायनाड सीट छोड़ देंगे। राहुल गांधी परिवार की पारंपरिक रायबरेली सीट को चुना था और वायनाड छोड़ दी थी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 23 अक्टूबर को वायनाड लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे। नामांकन के बाद प्रियंका रोड शो भी करेंगी। प्रियंका गांधी पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ने जा रही हैं।
उपचुनाव के लिए बीजेपी ने राजस्थान की 7 में से 6 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की है। बीजेपी ने दौसा सीट से मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के भाई जगमोहन मीणा को प्रत्याशी बनाया है। सलूंबर सीट पर दिवंगत विधायक अमृतलाल मीणा की पत्नी शांता देवी मीना को उम्मीदवार घोषित किया है।
सुनील सोनी बीजेपी प्रत्याशी
छत्तीसगढ़ की रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए बीजेपी ने प्रत्याशी घोषित किया। पूर्व सांसद सुनील सोनी को प्रत्याशी बनाया गया। रायपुर दक्षिण सीट भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल के सांसद चुने जाने के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर 13 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को मतगणना होगी।
बुधनी और विजयपुर सीट
मध्यप्रदेश में बुधनी और विजयपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की आज सूची जारी कर दी है। बुधनी सीट से पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव को प्रत्याशी बनाया गया है। जबकि विजयपुर सीट से वन मंत्री रामनिवास रावत को टिकट दिया गया। दोनों सीटों पर 13 नवंबर को उपचुनाव होगा। 23 तारीख को नतीजे आएंगे।